SGSU Advertisement
Home राजनीति राहुल गांधी ने आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल के परिवार से की...

राहुल गांधी ने आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल के परिवार से की फोन पर बात, न्याय दिलाने में मदद का दिलाया भरोसा

0
6

नई दिल्ली/मुंबई, 24 सितंबर (आईएएनएस)। लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे के परिजनों से बातचीत की है। छात्र साहिल ने पिछले हफ्ते आईआईटी पवई परिसर में कथित तौर पर आत्महत्या की थी।

महाराष्ट्र कांग्रेस ने गुरुवार को जानकारी दी कि राहुल गांधी ने आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे के परिजनों से फोन पर बातचीत की है। राहुल ने पीड़ित परिवार को अपना समर्थन दिया है और न्याय दिलाने में हर संभव मदद का भरोसा दिलाया।

इस मामले को लेकर गुरुवार को दोपहर में यूथ कांग्रेस एक प्रेस कॉन्फ्रेंस भी करेगी। इसमें साहिल वाकोडे मामले को लेकर आगे की रणनीति और आंदोलन की दिशा की घोषणा किए जाने की संभावना है।

साहिल की मौत के बाद उनके परिवार ने आईआईटी बॉम्बे प्रशासन और कुछ अधिकारियों के खिलाफ गंभीर आरोप लगाए हैं। मामले की जांच फिलहाल मुंबई पुलिस की क्राइम ब्रांच कर रही है।

बता दें कि छात्र साहिल ने कथित तौर पर परीक्षा के दौरान मोबाइल फोन का इस्तेमाल करते हुए पाए जाने के बाद आत्महत्या की थी। वह ऊर्जा विज्ञान एवं इंजीनियरिंग विभाग में द्वितीय वर्ष का छात्र था। संस्थान के अनुसार, वाकोडे ने परीक्षा के दौरान चैटजीपीटी से सवालों का जवाब पाने की कोशिश की।

परीक्षा प्रशिक्षक और विभाग के प्रमुख ने छात्र से इस मामले पर बातचीत की। संस्थान ने बताया कि उन्होंने छात्र को समझाया और भरोसा दिलाया कि इस घटना का उसके करियर पर कोई बुरा असर नहीं पड़ेगा। बातचीत के बाद वाकोडे अपने हॉस्टल के कमरे में लौट आया। बाद में उसी शाम वह अपने कमरे में मृत पाया गया।

घटना के बाद छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया था। वहीं, मामले में मंगलवार को मुंबई क्राइम ब्रांच ने साहिल के माता-पिता का बयान दर्ज किया। अभिभावकों ने प्रोफेसर सूर्यनारायण दूल्ला की तत्काल गिरफ्तारी की मांग की।