श्री आनंदपुर साहिब, 24 सितंबर (आईएएनएस)। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर गुरुवार को पंजाब में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की नशे के खिलाफ यात्रा में शामिल हिए। उन्होंने नशे के मुद्दे पर पंजाब सरकार पर निशाना साधा और कहा कि इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करने की जरूरत है।
जयराम ठाकुर गुरुवार सुबह पंजाब के श्री आनंदपुर साहिब पहुंचे। यहां उन्होंने तख्त श्री केसगढ़ साहिब में मत्था टेका।
नशे के मुद्दे पर जयराम ठाकुर ने कहा कि नशा सभी के लिए चिंता का विषय है। हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार के समय नशे को रोकने के लिए सभी ने प्रयास किए। हमने उत्तर भारत के राज्यों के सभी मुख्यमंत्रियों से वार्ता की थी। इस संबंध में चंडीगढ़ और शिमला में बैठकें हुई थीं। हमने तय किया था कि जब किसी एक राज्य में सख्त कार्रवाई करने की दिशा में कदम उठाए जाएंगे तो दूसरे राज्य भी उस दिशा में काम करें।
जयराम ठाकुर ने कहा कि नशा किसी एक प्रदेश से जुड़ा हुआ मुद्दा नहीं है। इस गंभीर समस्या से निपटने के लिए सभी को एकजुट होकर काम करने की जरूरत है। इसी उद्देश्य से भारतीय जनता पार्टी की ओर से पंजाब में नशा विरोधी यात्रा निकाली जा रही है।
एसआईआर को लेकर विभिन्न विपक्षी पार्टियों की ओर से उठाए जा रहे सवालों के बारे में पूछे जाने पर जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनाव आयोग एक संवैधानिक संस्था है। अलग-अलग समय में विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े रहे लोग भी मौजूदा समय में चुनाव आयोग का हिस्सा हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग को लेकर लोगों द्वारा उठाए जा रहे सवाल बेबुनियाद हैं।
ईडी और सीबीआई के दुरुपयोग को लेकर पूछे गए सवाल के जवाब में जयराम ठाकुर ने कहा कि जो लोग कोई गलत काम करते हैं, केवल उन्हीं के खिलाफ ईडी और सीबीआई की ओर से कार्रवाई की जाती है।
उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में भाजपा की सरकार बनने पर पंजाब-हिमाचल सीमा पर हिमाचल सरकार की ओर से लगाए गए टोल बैरियरों को लेकर बड़ा फैसला लिया जाएगा और लोगों को बड़ी राहत दी जाएगी। उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार की ओर से बढ़ाए गए टोल रेटों के कारण दोनों प्रदेशों के लोगों के आपसी संबंध खराब हो रहे हैं।
