SGSU Advertisement
Home राजनीति राम मंदिर ड्रेस कोड का भाजपा ने किया स्वागत, विपक्ष बोला-बस रामधन...

राम मंदिर ड्रेस कोड का भाजपा ने किया स्वागत, विपक्ष बोला-बस रामधन की चोरी न हो

0
6

अयोध्या, 24 सितंबर (आईएएनएस)। अयोध्या के श्रीराम मंदिर में पुजारियों और कर्मचारियों के लिए विशेष ड्रेस कोड लागू करने का प्रस्ताव रखा गया है। प्रस्ताव के अनुसार सभी पुजारियों और अर्चकों को रोजाना पीले (पीत) रंग के वस्त्र पहनने होंगे। वहीं, चढ़ावा चोरी जैसी घटनाओं को रोकने के लिए कर्मचारियों के परिधानों में जेब न रखने का प्रावधान किया गया है। इसके अलावा भी कई नियमों का प्रस्ताव दिया गया है, जिसे लेकर अब राजनीतिक प्रतिक्रियाएं भी सामने आ रही हैं।

भाजपा नेता अशोक वाजपेयी ने इस फैसले पर कहा, “यह अच्छी बात है कि कम से कम वहां मंदिर के अंदर जो कर्मचारी होंगे, उनका ड्रेस कोड होना चाहिए। ताकि यह मालूम हो सके कि ये मंदिर के कर्मचारी हैं। साथ ही, उनकी पवित्रता भी इससे सुरक्षित रहेगी।”

राम मंदिर के प्रबंधन के नए नियमों को लेकर भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने कहा, “राम मंदिर में व्यवस्थाएं देखने का काम वहां के न्यास द्वारा किया जाता है। भगवान राम के अच्छे से दर्शन हो जाएं, उसके लिए जो भी नियम बनाए जाते हैं, हम सबको उसका पालन करना चाहिए।”

उत्तर प्रदेश के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने कहा, “यह उनका अधिकार है। अगर वे ड्रेस कोड लागू कर रहे हैं तो इससे किसी को क्या दिक्कत हो सकती है।”

वहीं, समाजवादी पार्टी के प्रवक्ता आशुतोष वर्मा ने कहा, “जितेंद्र मिश्रा को ट्रस्ट का सीईओ बनाया गया है। अब चाहे उन्हें धोती-कुर्ता पहनाएं या कुछ और, बस रामधन की चोरी न हो। चंपत राय जैसे लोग चढ़ावा चोरी कर शान से घूम रहे हैं। ऐसे में भाजपा सरकार को शर्म आनी चाहिए।”

कांग्रेस नेता आसिम वकार ने तंज कसते हुए कहा, “ऊपर की जेब हटा दी जाए तो क्या हुआ? मन में चोर हो तो लोग कैसे भी चोरी कर सकते हैं। भाजपा ने चढ़ावा चोरी के आरोपियों को छोड़कर साबित कर दिया है कि चोर अभी भी बचे हैं।”