SGSU Advertisement
Home अपराध विनीत मिनोचा हत्याकांड : बहू नहीं, बेटे ने रची पिता की हत्या...

विनीत मिनोचा हत्याकांड : बहू नहीं, बेटे ने रची पिता की हत्या की साजिश, छह लाख रुपए की दी थी सुपारी

0
5

लखनऊ, 24 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश की कानपुर पुलिस ने दवा व्यापारी विनीत मिनोचा हत्याकांड में बड़ा खुलासा करते हुए उनके बेटे सुब्रत मिनोचा को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, सुब्रत ने ही अपने पिता की हत्या की साजिश रची थी।

जांच में सामने आया कि उसे डर था कि पिता दूसरी शादी कर सकते हैं। इसके अलावा, पिता के कथित निजी जीवन को लेकर भी वह नाराज था। इसी के चलते उसने पिता की हत्या कराने की योजना बनाई।

पुलिस के अनुसार, 5 सितंबर को नौकर विशाल और उसके साथी राजकिशोर ने सुब्रत के कहने पर विनीत मिनोचा की चाकू से गोदकर हत्या की थी। घटना के बाद हत्यारों की तस्वीरें पड़ोसी के सीसीटीवी कैमरे में कैद हुई थीं। वहीं, पोस्टमार्टम रिपोर्ट में व्यापारी के शरीर पर चाकू के 17 घाव मिले थे।

पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल के मुताबिक, मामले की जांच के दौरान पुलिस ने रिमांड पर बहू शालू, नौकर विशाल और राजकिशोर से कई दौर में पूछताछ की। पूछताछ के दौरान सुब्रत का नाम सामने आया। इसके बाद पुलिस ने सुब्रत को गिरफ्तार कर लिया।

जांच में यह भी सामने आया कि विशाल वर्ष 2012 से 2022 तक विनीत के मेडिकल स्टोर पर काम करता था। चोरी के आरोप में उसे नौकरी से निकाल दिया गया था। पुलिस के मुताबिक, बाद में विशाल ने सुब्रत के साथ मिलकर उसके पिता के मेडिकल स्टोर से चोरी करने में भी मदद की।

पुलिस का दावा है कि सुब्रत पर करीब 40 लाख रुपए का कर्ज था और पिता की ओर से उसे 40 हजार रुपए प्रति माह वेतन दिया जाता था। कर्ज चुकाने के लिए वह पिता के मेडिकल स्टोर से चोरी करता था। इसी दौरान उसने पिता की हत्या की साजिश रची।

पुलिस के मुताबिक, सुब्रत ने पिता की हत्या के लिए छह लाख रुपए की सुपारी तय की थी और आरोपियों को दो लाख रुपए एडवांस में दिए थे। उसने आरोपियों से यह भी कहा था कि अगर वे पकड़े जाएं, तो हत्या के मामले में उसकी पत्नी शालू का नाम लें।

रिमांड के दौरान पूछताछ में बहू शालू ने पुलिस से कथित तौर पर कहा कि उसके पति सुब्रत को छोड़ दिया जाए और उसे जेल भेज दिया जाए। पुलिस अब हत्या की पूरी साजिश, पैसों के लेनदेन और इसमें शामिल अन्य लोगों की भूमिका की जांच कर रही है।