SGSU Advertisement
Home राजनीति पटना में गैराज मालिक की हत्या पर बोले श्याम रजक- ‘दीप बुझने...

पटना में गैराज मालिक की हत्या पर बोले श्याम रजक- ‘दीप बुझने से पहले भभकता है’, अपराधियों पर कार्रवाई का दावा

0
7

पटना, 27 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना के रामकृष्ण नगर थाना क्षेत्र में गैराज मालिक की गोली मारकर हत्या किए जाने के बाद पूर्व मंत्री और विधायक श्याम रजक ने घटना पर दुख जताते हुए अपराधियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई का दावा किया। उन्होंने कहा कि अपराध की घटनाएं चिंता का विषय हैं, लेकिन अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए सरकार ने कमर कस ली है।

श्याम रजक ने बताया कि उनके विधानसभा क्षेत्र के रामकृष्ण नगर थाना अंतर्गत भूपतिपुर में गैराज मालिक अंजनी नंदन को गोली मारी गई। उन्हें इलाज के लिए मेदांता अस्पताल ले जाया गया, जहां उनकी मौत हो गई। उन्होंने कहा कि घटना से वह और क्षेत्र के लोग चिंतित और मर्माहत हैं। अपराधियों के बढ़ते हौसले को लेकर पूछे गए सवाल पर श्याम रजक ने दीपक का उदाहरण देते हुए कहा कि जब दीपक का तेल खत्म होने लगता है तो उसकी लौ तेजी से भभकती है।

उन्होंने कहा कि इसका अर्थ यह नहीं होता कि दीपक की लौ मजबूत हो गई है, बल्कि यह उसके बुझने का संकेत होता है। इसी तरह उनका दावा है कि बिहार में अपराध का साम्राज्य अब खत्म होने वाला है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ने अपराधियों पर अंकुश लगाने के लिए कमर कस ली है। अपराधियों को अब या तो जेल के शिकंजे में जाना होगा या बिहार से बाहर जाना होगा। उन्होंने कहा कि अपराध की कुछ घटनाएं हुई हैं, लेकिन अपराधियों पर पूरी तरह अंकुश लगाने की तैयारी की जा चुकी है।

श्याम रजक ने कहा कि सरकार और पुलिस प्रशासन की अपनी रणनीति है। अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई के सवाल पर उन्होंने बुलडोजर कार्रवाई और पुलिस की कार्रवाई का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि अपराधियों को अब जेल या बिहार से बाहर जाने की तैयारी करनी होगी। एनकाउंटर की नीति अपनाए जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि इसका निर्णय देने वाले वह नहीं हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस और प्रशासन की अपनी रणनीति है और उस रणनीति के तहत अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने कहा कि चलते-फिरते लोगों को गोली मार देना स्वीकार्य नहीं है और अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई में सरकार कोई कोताही नहीं करेगी। मुख्यमंत्री और उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी इस मामले में पूरी तरह कमर कसकर निर्णय ले चुके हैं। एनकाउंटर को लेकर उन्होंने कहा कि आगे क्या होगा, यह रणनीति का हिस्सा है और रणनीति के हिस्से को सार्वजनिक करना उनके लिए आवश्यक नहीं है।