SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘मन की बात’ देशभर के प्रेरक कहानियों को सामने लाने का माध्यम...

‘मन की बात’ देशभर के प्रेरक कहानियों को सामने लाने का माध्यम बन चुका है : नितिन नवीन

0
6

नई दिल्ली, 27 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने पीएम मोदी की मन की बात कार्यक्रम को देशभर के प्रेरक कहानियों को सामने लाने का माध्यम बताया है।

नितिन नवीन रविवार को पश्चिम बंगाल पहुंचे। यहां पर कोलकाता एयरपोर्ट पर भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य और मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी सहित बड़ी संख्या में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं और कार्यकर्ताओं ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इसके पश्चात नितिन नवीन ने न्यू टाउन स्थित बिस्वा बांग्ला कन्वेंशन सेंटर में ‘मन की बात’ कार्यक्रम के 138वें एपिसोड को सुना।

यह नितिन नवीन का पश्चिम बंगाल में भाजपा की ऐतिहासिक विजय के बाद राज्य का पहला प्रवास है। इस अवसर पर पार्टी कार्यकर्ताओं में विशेष उत्साह देखने को मिला और बड़ी संख्या में कार्यकर्ताओं ने भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष के साथ ‘मन की बात’ कार्यक्रम को सुना।

‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने देश के लाखों युवाओं द्वारा नशे के विरुद्ध लिए गए संकल्प और ‘नशा मुक्त युवा अभियान’ का उल्लेख किया। प्रधानमंत्री मोदी ने युवाओं द्वारा स्वयं नशे से दूर रहने की प्रतिज्ञा लेने और इस संदेश को अन्य लोगों तक पहुंचाने की जिम्मेदारी उठाने की बात कही।

नितिन नवीन ने कहा कि भाजपा हमेशा से नशे के मुद्दे को लेकर गंभीर रही है। हमारा लक्ष्य है कि देश को नशे से मुक्त किया जाए। इसी संकल्प के साथ भाजपा लगातार नशे के विरुद्ध लड़ाई लड़ रही है।

उन्होंने एक्स पर पोस्ट करते हुए लिखा कि पश्चिम बंगाल प्रवास के दौरान कोलकाता में कार्यकर्ताओं एवं आमजनों के साथ प्रधानमंत्री मोदी के लोकप्रिय कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 138वें संस्करण को सामूहिक रूप से सुना। इस दौरान प्रधानमंत्री जी ने 2016 की सर्जिकल स्ट्राइक की 10वीं वर्षगांठ पर भारतीय सेना के शौर्य, देश की ऐतिहासिक एवं सांस्कृतिक विरासत, प्रकृति संरक्षण और युवाओं के नशामुक्ति संकल्प का उल्लेख किया।

साथ ही जनगणना को प्रत्येक नागरिक का राष्ट्रीय दायित्व बताते हुए जनभागीदारी का आह्वान किया। ‘मन की बात’ देशभर के ऐसे अनगिनत प्रयासों और प्रेरक कहानियों को सामने लाने का माध्यम बन चुका है, जो सामूहिक प्रयासों के माध्यम से देश में सकारात्मक बदलाव की नई मिसाल कायम कर रहे हैं।