SGSU Advertisement
Home राजनीति प्रवेश वर्मा के थप्पड़ विवाद पर सियासी घमासान, राजद ने कहा-यह कैसा...

प्रवेश वर्मा के थप्पड़ विवाद पर सियासी घमासान, राजद ने कहा-यह कैसा लोकतंत्र

0
6

पटना, 28 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के तिलक नगर इलाके में बन रही सड़क के निरीक्षण के दौरान मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा एक स्थानीय युवक को थप्पड़ मारने का मामला अब सियासी रंग ले चुका है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद विपक्षी दलों ने सरकार पर हमला तेज कर दिया है।

इस घटना को लेकर राजद नेता आलोक मेहता ने भारतीय जनता पार्टी पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने आईएएनएस से बात करते हुए कहा, “इससे पता चलता है कि भारतीय जनता पार्टी का सार्वजनिक चरित्र कैसा है और जनता व उनकी समस्याओं के प्रति उनमें कितनी संवेदनशीलता है।”

आलोक मेहता ने प्रवेश वर्मा पर सवाल उठाते हुए कहा, “वह व्यक्ति टूटी हुई सड़कों का वीडियो बना रहा था। क्या जो कोई आपकी कमियों का आईना दिखाता है, वह आपका दुश्मन बन जाता है? यह किस तरह का लोकतंत्र है? आप लोकतंत्र की बुनियाद को ही खत्म करना चाहते हैं। क्या सब कुछ एकतरफा चलेगा? क्या सिर्फ वही होगा जो आप करेंगे? अगर जनता से मिलने वाली प्रतिक्रिया और आलोचना को सुनने की क्षमता खत्म हो जाए और बातचीत का माहौल ही न रहे, तो लोकतंत्र भी खत्म हो जाएगा। उन्होंने आरोप लगाया कि दिल्ली से लेकर बिहार तक, ये सरकारें इसी दिशा में काम कर रही हैं।

वहीं, एनडीए के सहयोगी दल जदयू ने भी इस घटना की निंदा की है। जदयू के राष्ट्रीय महासचिव श्याम रजक ने कहा, “यह सब चीजें जो आजकल हो रही हैं, हम ऐसी चीजों की निंदा करते हैं, चाहे कोई करे। यह अच्छी बात नहीं है। लोकतंत्र में आंदोलन करना, प्रदर्शन करना, विरोध प्रकट करना एक अधिकार है। अगर आप मंत्री हैं या अधिकारी हैं तो आपका काम है कि इन चीजों को सुनें, बर्दाश्त करें। लोग आपसे नहीं कहेंगे तो किससे कहेंगे। अगर ऐसी चीजों में हिंसा का प्रयोग होता है तो हम इसकी निंदा करते हैं।”

उधर, भाजपा ने इस मामले पर सफाई देते हुए हिंसा का विरोध किया है। राष्ट्रीय प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने कहा, “घटना का वीडियो अब सबके सामने आ गया है और हमें भरोसा है कि इसमें शामिल लोग इस पर सफाई देंगे। भारतीय जनता पार्टी ने हमेशा किसी भी तरह की हिंसा का विरोध किया है, चाहे वह शारीरिक हो या मानसिक।”