कीव, 28 सितंबर (आईएएनएस)। यूक्रेन में रूस की आक्रामकता लगातार जारी है। रविवार रातभर रूस के घातक हमलों ने यूक्रेन के कई इलाकों में भारी तबाही मचाई। यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बताया कि इन हमलों में कीव इलाके में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं, ओडेसा इलाके में पलाऊ का झंडा लगे एक जहाज पर भी हमला किया गया।
यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर हमले के बाद हुए नुकसान की तस्वीरें पोस्ट कर जानकारी साझा की।
जेलेंस्की ने पोस्ट में लिखा, ”रूस पूरी रात से लेकर सोमवार सुबह तक हमारे अलग-अलग इलाकों पर हमले करता रहा है। खार्कीव में एक ऊंची रिहायशी इमारत पर भीषण हमला हुआ, जिसमें दूसरी और चौथी मंजिलों के कुछ हिस्से तबाह हो गए।”
उन्होंने बताया कि कीव में भी ड्रोन हमलों से नुकसान हुआ है। रिहायशी इमारतों, संचार से जुड़े बुनियादी ढांचे और पेट्रोल पंपों को नुकसान पहुंचा है। एक आम कैफे को तबाह कर दिया गया और राजधानी में एक फूड मार्केट में आग लगाने की कोशिश की गई।
जेलेंस्की ने बताया कि ओडेसा क्षेत्र में पलाऊ का झंडा लगे एक जहाज को निशाना बनाया गया। जाइटॉमिर क्षेत्र में एक सामान्य आइसक्रीम फैक्ट्री को नुकसान पहुंचा। सुमी, रिव्ने, खार्किव और ओडेसा इलाकों में रिहायशी इमारतों पर हमले हुए। विनित्सिया, निप्रो, खमेलनित्स्की और जापोरिज्जिया क्षेत्रों में जरूरी बुनियादी ढांचे को निशाना बनाया गया। जहां भी जरूरत है, वहां इमरजेंसी सेवाएं काम कर रही हैं।
उन्होंने बताया कि अब तक कई लोगों के घायल होने की खबर है। अकेले खार्कीव पर हुए हमले में 28 लोग घायल हुए, जिनमें नौ बच्चे भी शामिल हैं। दुख की बात है कि लोगों की जान भी गई है। कीव क्षेत्र में दो लोगों की मौत हुई, जिनमें एक अजरबैजान का नागरिक था। उनके परिवारों और करीबियों के प्रति मेरी संवेदनाएं हैं।
यूक्रेनी राष्ट्रपति ने कहा कि मैं उन सभी लोगों का धन्यवाद करता हूं, जिन्होंने यूक्रेन में जो कुछ हो रहा है उस पर आवाज उठाई हैं और उन सभी का भी जो हमारे देश के लिए ठोस मदद के पैकेज तैयार कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि अब साफ और ठोस फैसलों की जरूरत है। एयर डिफेंस, ऊर्जा के क्षेत्र में मदद और बजट में पैसों की कमी को पूरा करने के लिए सहायता, ये ऐसी चीजें हैं जो आज वास्तव में यूक्रेन को मजबूत कर रही हैं और हमारे लोगों को इन मुश्किल हालात का सामना करने में मदद कर रही हैं।
