SGSU Advertisement
Home राजनीति थप्पड़ कांड पर वीडियो वॉर: केजरीवाल ने कसा तंज, प्रवेश वर्मा ने...

थप्पड़ कांड पर वीडियो वॉर: केजरीवाल ने कसा तंज, प्रवेश वर्मा ने एमसीडी कर्मचारियों पर दबाव न बनाने की दी चेतावनी

0
11

नई दिल्ली, 28 सितंबर (आईएएनएस)। दिल्ली के लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) मंत्री प्रवेश वर्मा द्वारा शहर में सड़क का निरीक्षण करते समय एक व्यक्ति को थप्पड़ मारने के वीडियो को लेकर विवाद सोमवार को राजनीतिक टकराव में बदल गया। पूर्व मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल और मंत्री प्रवेश वर्मा के बीच इस मुद्दे पर सीधी जुबानी जंग छिड़ गई।

अरविंद केजरीवाल और प्रवेश वर्मा, दोनों ने अपने-अपने रिकॉर्ड किए गए वीडियो में इस विवाद के लिए एक-दूसरे को जिम्मेदार ठहराया। साथ ही उन्होंने जनता के जनादेश को हल्के में न लेने की चेतावनी भी दी।

आम आदमी पार्टी (आप) के प्रमुख अरविंद केजरीवाल ने दिल्ली के प्रवेश वर्मा से जुड़े थप्पड़ विवाद को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि सरकार जिस जेनजी को अपने साथ जोड़ना चाहती है, वह आधे-अधूरे प्रयासों से संभव नहीं होगा।

केजरीवाल ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर वीडियो शेयर करते हुए प्रधानमंत्री से कहा, “आप अलग-अलग तरीकों से जेनजी से जुड़ने की कोशिश कर रहे हैं, लेकिन जेनजी ने आपसे दूरी बना रखी है।”

उन्होंने कहा कि युवाओं का समर्थन हासिल करने की तमाम कोशिशें तब तक बेकार रहेंगी, जब तक सरकार सही कदम नहीं उठाती और युवाओं के लिए काम करती हुई नजर नहीं आती।

केजरीवाल ने अपने वीडियो में कहा, “मुझे पता चला है कि ऊपर से आदेश हैं कि मंत्री (प्रवेश वर्मा) को किसी भी कीमत पर बचाना है। आप भ्रष्ट लोगों को बचाएंगे, थप्पड़ मारने वाले मंत्री को बचाएंगे और फिर उम्मीद करेंगे कि जेनजी आपसे जुड़ेगी। ऐसा नहीं होने वाला।”

उन्होंने कहा कि अगर सरकार मंत्री और खराब सड़क बनाने से जुड़े ठेकेदारों को गिरफ्तार करती है तो युवा तुरंत सरकार के साथ आएंगे, लेकिन सरकार ऐसा नहीं करेगी।

इसके बाद प्रवेश वर्मा ने भी तुरंत एक वीडियो जारी कर केजरीवाल के आरोपों का जवाब दिया। उन्होंने कहा कि जिस युवक को लेकर विवाद हो रहा है, वह जेनजी का युवा नहीं, बल्कि आप विधायक का ‘गुंडा’ है।

उन्होंने केजरीवाल को सीधे जवाब देते हुए कहा, “जिस जेनजी की आप बात कर रहे हैं, वह कोई युवा नहीं है। वह आपका गुंडा था।”

उन्होंने आप नेतृत्व पर दिल्ली के विकास के बजाय नाटक और दिखावे की राजनीति करने का आरोप लगाया। साथ ही उन्होंने थप्पड़ खाने वाले युवक को कथित तौर पर आप से जुड़ा व्यक्ति बताते हुए उसके पुराने मामलों का भी जिक्र किया।

प्रवेश वर्मा ने वीडियो में दावा किया, “कल जो आपका गुंडा आया था, वह हिस्ट्रीशीटर है और उसके खिलाफ पहले से मामला दर्ज है। एमसीडी के एक कर्मचारी की गर्दन तोड़ने के मामले में भी उसके खिलाफ एफआईआर दर्ज है। आपके विधायक जरनैल सिंह के सगे भांजे का नाम भी उस एफआईआर में था और उन्हें पुलिस ने कुछ समय के लिए गिरफ्तार भी किया था।”

उन्होंने आगे कहा कि वह अरविंद केजरीवाल के तिलक नगर में उस जगह जाने का स्वागत करते हैं, जहां यह विवाद हुआ था। हालांकि, उन्होंने कहा कि अफवाह फैलाना या दबाव बनाने की कोशिश करना ठीक नहीं है और इससे कोई फायदा भी नहीं होगा।

उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा, “अगर आप के गुंडे एमसीडी कर्मचारियों पर दबाव बनाने या उनसे कमीशन मांगने की कोशिश करेंगे तो उन्हें इसकी कीमत चुकानी पड़ेगी।”

थप्पड़ विवाद पर आगे सफाई देते हुए दिल्ली के मंत्री ने कहा कि वह विकास कार्यों का जायजा ले रहे थे और स्थानीय लोगों तथा इलाके के आप विधायक की ओर से उठाई गई समस्याओं को भी समझने और उनका समाधान करने की कोशिश कर रहे थे।

उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल और उनके विधायक इसे नहीं समझेंगे, क्योंकि उनकी सरकार ने अपने 15 साल के शासन के दौरान प्रशासन और कामकाज के बजाय केवल नाटक और दिखावे पर ध्यान दिया।