SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय अन्नप्राशन कराकर सीएम सम्राट चौधरी ने दिया स्वस्थ बचपन का संदेश, आंगनबाड़ी...

अन्नप्राशन कराकर सीएम सम्राट चौधरी ने दिया स्वस्थ बचपन का संदेश, आंगनबाड़ी सेवाओं को और सुदृढ़ करने पर जोर

0
4

पटना, 29 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने मंगलवार को फुलवारीशरीफ उच्च विद्यालय परिसर स्थित आंगनबाड़ी केंद्र संख्या-137 में बच्चों का अन्नप्राशन कराकर स्वस्थ बचपन का संदेश दिया। इस दौरान उन्होंने राज्य में आंगनबाड़ी सेवाओं को और सुदृढ़ करने तथा बच्चों के पोषण, स्वास्थ्य और प्रारंभिक शिक्षा पर विशेष जोर देने की बात कही।

सीएम सम्राट चौधरी ने यहां राज्यव्यापी ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम का दीप प्रज्ज्वलित कर शुभारंभ किया। राज्य के सभी 1,15,064 आंगनबाड़ी केंद्रों पर मंगलवार को ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी केंद्र के बच्चों, सेविका और लाभुकों से संवाद कर केंद्र पर मिल रही सुविधाओं और संचालित गतिविधियों की जानकारी ली। मुख्यमंत्री ने बच्चों से उनकी पढ़ाई और गतिविधियों के बारे में जानकारी ली। उन्होंने बच्चों का उत्साहवर्धन किया और उनके बीच मिठाइयों का वितरण किया।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने समाज कल्याण विभाग और समेकित बाल विकास सेवाएं निदेशालय की ओर से लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का भी अवलोकन किया। उन्होंने मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना और प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना के लाभार्थियों को सांकेतिक चेक प्रदान किए। इसके साथ ही महिलाओं की गोदभराई कराई और बच्चों का अन्नप्राशन कराया। मुख्यमंत्री ने आंगनबाड़ी सेविका, सहायिका और आशा दीदी को प्रशस्ति पत्र प्रदान कर सम्मानित किया। लाभार्थियों के बीच पौष्टिक किट का वितरण भी किया गया। इस दौरान उन्होंने ‘सुपोषित बचपन की रसोई’ नामक पुस्तिका का विमोचन किया।

‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम के दौरान प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना और मुख्यमंत्री कन्या उत्थान योजना के लाभार्थियों ने मुख्यमंत्री के साथ अपने अनुभव साझा किए। मुख्यमंत्री ने कहा कि आंगनबाड़ी केंद्रों में बच्चों को और बेहतर सुविधाएं किस प्रकार उपलब्ध कराई जा सकती हैं, इसके लिए लाभार्थियों और स्थानीय लोगों से सुझाव लिए जा रहे हैं। आवश्यक सुधार के लिए सरकार हरसंभव कदम उठाएगी। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रसव पूर्व और प्रसव उपरांत माताओं तथा बच्चों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए सरकार लगातार काम कर रही है। जिन आंगनबाड़ी केंद्रों के पास अपना भवन नहीं है, वहां भवन निर्माण की दिशा में भी प्रयास किया जाएगा। सरकार का उद्देश्य जच्चा-बच्चा दोनों को स्वस्थ रखना तथा बच्चों को गुणवत्तापूर्ण प्रारंभिक शिक्षा और पर्याप्त पोषण उपलब्ध कराना है।

उन्होंने कहा कि राज्य में करीब 1.15 लाख आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका बच्चों और परिवारों की सेवा में लगी हैं। सभी आंगनबाड़ी केंद्रों पर बच्चों को नियमित रूप से पौष्टिक भोजन, फल और दूध उपलब्ध कराने पर ध्यान दिया जा रहा है। उन्होंने आंगनबाड़ी केंद्रों से अपील की कि गांव और आसपास के सभी छोटे बच्चों को आंगनबाड़ी केंद्रों से जोड़ने का प्रयास करें।

सीएम सम्राट चौधरी ने कहा कि समाज के बच्चे मजबूत होंगे तो राज्य और देश भी मजबूत होगा। उन्होंने कहा कि ‘आंगन का मिलन’ कार्यक्रम निरंतर जारी रहेगा। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और पूर्व मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के नेतृत्व में संचालित विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं को आगे बढ़ाया जा रहा है और सरकार का प्रयास है कि पात्र लाभार्थियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचे। कार्यक्रम में उपमुख्यमंत्री बिजेंद्र प्रसाद यादव, समाज कल्याण मंत्री डॉ. श्वेता गुप्ता, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक श्याम रजक सहित कई वरीय पदाधिकारी, आंगनबाड़ी सेविका-सहायिका, बच्चे और उनके अभिभावक मौजूद रहे।