SGSU Advertisement
Home राजनीति राजभर का अखिलेश पर हमला, कहा-पीडीए में परिवार, दौलतमंद और अपराधियों को...

राजभर का अखिलेश पर हमला, कहा-पीडीए में परिवार, दौलतमंद और अपराधियों को राज्यसभा भेजने की जुगत में लगे

0
5

लखनऊ, 30 सितंबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में राज्यसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी की ओर से तीन प्रत्याशी उतारने की चर्चा के बीच सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के अध्यक्ष और यूपी सरकार में कैबिनेट मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तीखा हमला बोला है। राजभर ने सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अखिलेश यादव के ‘पीडीए’ फॉर्मूले पर सवाल उठाते हुए राज्यसभा के प्रत्याशियों को लेकर सीधे निशाना साधा।

राजभर ने अपनी पोस्ट की शुरुआत अखिलेश यादव को संबोधित करते हुए की। उन्होंने लिखा, ‘अखिलेश जी, सुना है आप राज्यसभा के लिए तीन प्रत्याशी मैदान में उतारने जा रहे हैं। ये बताइए, तीनों आपके ‘पीडीए’ वाले होंगे या नहीं?’ राजभर ने आगे सपा के संभावित प्रत्याशियों में प्रोफेसर रामगोपाल यादव के नाम की चर्चा का हवाला देते हुए तंज कसा। उन्होंने लिखा, ‘पहला तो प्रोफेसर साहब हैं। ये आपके पीडीए वाले ‘परिवार’ से हो गए। अब ‘डी’ और ‘ए’ से कौन होगा?’

इसके बाद ओपी राजभर ने पीडीए की व्याख्या को लेकर तंज कसते हुए सवाल किया कि ‘डी से कोई ‘दौलतमंद’ होगा क्या? ए से कोई ‘अपराधी’?’ राजभर ने अपनी पोस्ट में अखिलेश यादव के पीडीए फॉर्मूले को सीधे पिछड़े, दलित और मुस्लिम समाज से जोड़ते हुए लिखा कि ‘सभी पिछड़े वर्ग के लोग, दलित भाई और मुसलमान भाई जानना चाह रहे हैं कि आपके पीडीए में परिवार, दौलतमंद और अपराधियों को कैसे आप संसद के ऊपरी सदन भेजने की जुगत में लगे हैं।’ राजभर ने अपनी पोस्ट के आखिर में अखिलेश यादव को राज्यसभा चुनाव के गणित को लेकर भी सलाह दी। उन्होंने लिखा, ‘आखिर में एक और सलाह है। तीन के चक्कर में दूसरा मत गंवा दीजिएगा।

गौरतलब है कि सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव की मौजूदगी में दोनों प्रत्याशियों ने बुधवार को लखनऊ में विधानसभा परिसर स्थित निर्वाचन कार्यालय में नामांकन दाखिल किया। अखिलेश यादव नामांकन के दौरान धनराज नाथवानी के साथ नजर आए। इस मौके पर सपा के वरिष्ठ नेता और विधायक भी मौजूद रहे। पार्टी ने दोनों नामों की घोषणा अपने आधिकारिक सोशल मीडिया मंच ‘एक्स’ के जरिए की। धनराज नाथवानी रिलायंस इंडस्ट्रीज लिमिटेड में ग्रुप प्रेसिडेंट हैं। वह रिलायंस न्यू एनर्जी लिमिटेड के निदेशक भी हैं। नाथवानी खेल प्रशासन में भी सक्रिय हैं। वह गुजरात क्रिकेट एसोसिएशन (जीसीए) के भी अध्यक्ष हैं।

–आईएएनएस

विकेटी/पीएम