SGSU Advertisement
Home अपराध कर्नाटक में हाफ हेलमेट पर प्रतिबंध की तैयारी, फुटपाथ पर गाड़ी चलाने...

कर्नाटक में हाफ हेलमेट पर प्रतिबंध की तैयारी, फुटपाथ पर गाड़ी चलाने पर 5,000 रुपए जुर्माने का प्रस्ताव

0
1

बेंगलुरु, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। कर्नाटक के परिवहन मंत्री बी. सुरेश ने गुरुवार को कहा कि सरकार ने ‘हाफ हेलमेट’ के उपयोग और बिक्री के खिलाफ कार्रवाई करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि इस निर्णय को लागू करने के लिए कानूनी प्रावधानों की जांच कर रही है।

मंत्री बी. सुरेश ने बेंगलुरु से पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि सरकार हाफ हेलमेट के निर्माताओं और विक्रेताओं के खिलाफ कार्रवाई शुरू करेगी, खासकर जब ऐसे हेलमेट दुकानों और गोदामों में बिक्री के लिए रखे जाते हैं। उन्होंने कहा, “हाफ हेलमेट पहनने वाले लोगों की संख्या में वृद्धि हुई है। हाफ हेलमेट के लिए कोई प्रावधान नहीं है। हमने निर्माताओं के खिलाफ कार्रवाई करने का फैसला किया है और कानूनी प्रावधानों की जांच कर रहे हैं।”

मंत्री सुरेश ने यह भी कहा कि सरकार फुटपाथ पर दोपहिया वाहन चलाने के लिए जुर्माने में काफी बढ़ोतरी करने की योजना बना रही है। पहली बार उल्लंघन करने पर 5,000 रुपए और दूसरी बार उल्लंघन करने पर 10,000 रुपए जुर्माने का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि परिवहन और गृह विभागों ने इस संबंध में एक प्रस्ताव सौंपा है। कानूनी विभाग की राय लेने के बाद सरकार निर्णय लेगी।

सुरेश ने कहा, “फुटपाथ पैदल चलने वालों के लिए होते हैं, लेकिन उन पर दोपहिया और चारपहिया वाहन चलाए जा रहे हैं, जिससे लोगों की जान को खतरा है। ऐसी घटनाओं में कई लोग मारे गए हैं और घायल हुए हैं। जुर्माना, जो पहले 500 रुपए था, उसे बढ़ाकर 5,000 रुपए करने का प्रस्ताव है।”

उन्होंने कहा कि सरकार वन-वे ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने पर जुर्माने को दस गुना बढ़ाने की भी योजना बना रही है। ऐसे उल्लंघनों के लिए मौजूदा जुर्माना 1,000 रुपए है। सुरेश ने कहा कि ट्रैफिक नियमों के उल्लंघन को रोकने और सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने के लिए कई कदम उठाए गए हैं। इनमें फुटपाथ पर गाड़ी चलाने और वन-वे नियमों के उल्लंघन पर खास ध्यान दिया गया है, क्योंकि इनकी वजह से दुर्घटनाएं होती हैं और लोग घायल होते हैं या उनकी मौत हो जाती है।

उन्होंने कहा, “यातायात नियमों के उल्लंघन को रोकने और यह सुनिश्चित करने के लिए कि वाहन चालक नियमों का पालन करें, जुर्माने में काफी वृद्धि की जाएगी।”

कर्नाटक के गृह मंत्री प्रियांक खड़गे और परिवहन मंत्री बी. सुरेश ने गुरुवार को वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक संयुक्त समीक्षा बैठक की। इसमें बेंगलुरु में ट्रैफिक जाम को कम करने, सड़क सुरक्षा को बेहतर बनाने और बार-बार ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने के उपायों पर चर्चा की गई।

इस बैठक में एक अंक आधारित ड्राइविंग लाइसेंस प्रणाली शुरू करने पर चर्चा हुई, जिसके तहत विभिन्न यातायात उल्लंघनों के लिए अंक आवंटित किए जाएंगे। निर्धारित सीमा तक पेनल्टी पॉइंट पहुंचने के बाद ड्राइवर का लाइसेंस निलंबित किया जा सकता है। पैनल ने इस सिस्टम को लागू करने के लिए कानूनी आवश्यकताओं पर भी विचार किया।

अधिकारियों ने परिवहन विभाग के ‘सारथी’ सिस्टम को बेंगलुरु ट्रैफिक पुलिस के ‘ई-चालान’ सिस्टम के साथ जोड़ने पर चर्चा की। इस एकीकरण से ट्रैफिक पुलिस मौके पर ही ड्राइविंग लाइसेंस की वैधता की जांच कर सकेगी, ड्राइवर के पिछले उल्लंघनों की जानकारी ले सकेगी और नए उल्लंघनों को सीधे ड्राइवर के डिजिटल रिकॉर्ड से जोड़ सकेगी।

बैठक में यातायात प्रवाह और सार्वजनिक सुरक्षा को प्रभावित करने वाले उल्लंघनों के लिए जुर्माने बढ़ाने पर भी चर्चा हुई, जिनमें फुटपाथ पर पार्किंग करना, एकतरफा सड़कों पर गलत दिशा में गाड़ी चलाना, फुटपाथ पर गाड़ी चलाना, अनधिकृत पार्किंग, नो पार्किंग जोन में पार्किंग और सिग्नल उल्लंघन शामिल हैं।