SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय कप्तान स्मित अस्पताल में खुलकर बात कर रहे, मुस्कुरा रहे और हंस...

कप्तान स्मित अस्पताल में खुलकर बात कर रहे, मुस्कुरा रहे और हंस रहे : भारतीय राजदूत

0
5

अबू धाबी, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) में भारत के राजदूत दीपक मित्तल ने गुरुवार को दुबई के एक अस्पताल में फ्लाईदुबई के पायलट कैप्टन स्मित मच्छार और उनके परिवार से मुलाकात की। उन्होंने बताया कि हवा में हमले को रोकने के दौरान घायल हुए भारतीय पायलट अब खुलकर बात कर रहे हैं और उनका हौसला बुलंद है।

मित्तल ने कहा, “वह खुलकर बात कर रहे थे, मुस्कुरा रहे थे और हंस रहे थे। यह हमारे लिए और सबसे बढ़कर उनके परिवार के लिए बड़ी राहत की बात थी।”

राजदूत ने बताया कि कैप्टन मच्छार को अस्पताल में अच्छा इलाज मिल रहा है और भारतीय दूतावास यूएई के अधिकारियों के लगातार संपर्क में है।

कैप्टन मच्छार को इससे पहले सऊदी अरब से एयरलिफ्ट कर दुबई के अस्पताल लाया गया था। एक साक्षात्कार में राजदूत ने कहा था कि बहादुर भारतीय पायलट ने विमान में सवार कई लोगों की जान बचाई।

उन्होंने कहा, “कैप्टन स्मित ने असाधारण साहस और बहादुरी का परिचय देते हुए कई कीमती जानें बचाईं और एक बड़ी त्रासदी को टाल दिया। हमें भारत के इस बहादुर बेटे पर बहुत गर्व है और हम उन्हें पूरा सहयोग और समर्थन देंगे।”

इससे पहले गुरुवार को मित्तल ने दुबई में कैप्टन मच्छार के परिवार से मुलाकात की और उन्हें भारत सरकार की ओर से हरसंभव सहायता और समर्थन का भरोसा दिलाया।

विदेश मंत्रालय ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में बताया कि यूएई में भारत के राजदूत ने दुबई में कैप्टन स्मित मच्छार के परिवार से मुलाकात की और उनके स्वास्थ्य एवं कल्याण के लिए भारत सरकार के पूर्ण समर्थन और सहायता का भरोसा दिया।

दुबई स्थित भारतीय महावाणिज्य दूतावास के अनुसार, राजदूत दीपक मित्तल और भारत के महावाणिज्यदूत ई. विष्णु वर्धन रेड्डी ने कैप्टन मच्छर के परिवार के सदस्यों से मुलाकात की। मिशन ने परिवार को उनके स्वास्थ्य और रिकवरी के बारे में जानकारी दी तथा कीमती जानें बचाने में उनके असाधारण साहस, सूझबूझ और निस्वार्थ प्रयासों की सराहना की।

बुधवार को हुई घटना के दौरान एक अन्य पायलट ने कैप्टन मच्छार पर चाकू से हमला कर दिया था, जिसके बाद विमान तेजी से नीचे जाने लगा। भारतीय पायलट ने हमलावर का बहादुरी से मुकाबला किया और कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया। इसके बाद यात्रियों ने कॉकपिट में पहुंचकर हमलावर को काबू कर लिया।

हमलावर के काबू में आने के बाद गंभीर रूप से घायल भारतीय पायलट को विमान की सऊदी अरब में आपात लैंडिंग होने तक स्थिर रखने के लिए जरूरी देखभाल दी गई।

मामले से परिचित लोगों के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी कैप्टन मच्छार के परिवार के सदस्यों से बात की और उनकी बहादुरी की सराहना की।

सूत्रों ने बताया कि प्रधानमंत्री मोदी ने कैप्टन स्मित मच्छार की पत्नी और माता-पिता से बात की। प्रधानमंत्री ने उनकी बहादुरी की सराहना करते हुए कहा कि उन्होंने सैकड़ों लोगों की जान बचाई।

प्रधानमंत्री ने यह भी भरोसा दिलाया कि भारतीय मिशन पायलट को हरसंभव सहायता उपलब्ध करा रहे हैं।