ढाका, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारत और बांग्लादेश ने अपने पुराने और मजबूत द्विपक्षीय संबंधों तथा सहयोग को दोहराते हुए आपसी हितों से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की। यह बातचीत बांग्लादेश में भारत के उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी और बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम मामलों के मंत्री अहमद आजम खान के बीच ढाका में हुई मुलाकात के दौरान हुई।
भारतीय उच्चायोग ने गुरुवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर पोस्ट कर बताया, “उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने 30 सितंबर को शिष्टाचार भेंट के लिए बांग्लादेश के मुक्ति संग्राम मामलों के मंत्री अहमद आजम खान से मुलाकात की। दोनों पक्षों ने आपसी हित के मुद्दों पर विचारों का आदान-प्रदान किया और भारत-बांग्लादेश के बीच लंबे समय से चले आ रहे संबंधों एवं सहयोग को दोहराया।”
त्रिवेदी ने बुधवार को प्रधानमंत्री तारिक रहमान और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच प्रस्तावित बैठक से पहले दोनों पक्षों की ओर से पूरी तैयारी किए जाने की जरूरत पर जोर दिया। स्थानीय मीडिया के अनुसार, उन्होंने कहा कि इस बैठक को लेकर जल्दबाजी करने की जरूरत नहीं है।
मुक्ति संग्राम मामलों के मंत्री से मुलाकात के बाद पत्रकारों से बातचीत में त्रिवेदी ने कहा कि दोनों पक्षों को उचित तैयारी सुनिश्चित करनी होगी, क्योंकि बैठक में व्यापार, वाणिज्य और जल समेत कई मुद्दों पर चर्चा की जानी है। उन्होंने कहा कि वह दोनों देशों के भविष्य को लेकर काफी सकारात्मक हैं।
बांग्लादेशी मीडिया संस्थान ‘बणिक बर्ता’ के अनुसार, भारतीय उच्चायुक्त ने कहा कि दोनों संप्रभु और स्वतंत्र देशों के नेताओं के बीच किसी न किसी समय मुलाकात होना निश्चित है। उन्होंने कहा कि दोनों नेताओं और दोनों देशों को अपनी सुविधा के अनुसार उचित समय दिया जाना चाहिए और सही समय आने पर सभी सही चीजें होंगी।
उन्होंने कहा कि अगर दोनों नेता एक साथ बैठकर मुद्दों पर चर्चा करते हैं तो लंबित मामलों का समाधान किया जा सकता है। हालांकि, उन्होंने यह भी कहा कि चुनौतियां मौजूद रहेंगी और यह मानना सही नहीं होगा कि कोई चुनौती नहीं है।
यह बैठक त्रिवेदी की बांग्लादेश के विदेश मामलों के राज्य मंत्री हुमायूं कबीर के साथ मुलाकात के एक दिन बाद हुई। उस बैठक में दोनों देशों के बीच द्विपक्षीय संबंधों को और मजबूत करने तथा पारस्परिक लाभ के लिए सहयोग को आगे बढ़ाने के तरीकों पर चर्चा हुई थी।
बैठक के बाद भारतीय उच्चायोग ने ‘एक्स’ पर बताया कि उच्चायुक्त दिनेश त्रिवेदी ने 29 सितंबर 2026 को विदेश मामलों के राज्य मंत्री-1 हुमायूं कबीर से शिष्टाचार भेंट की। उच्चायुक्त ने राज्य मंत्री के रूप में कार्यभार संभालने पर उन्हें बधाई दी। बातचीत में दोनों पड़ोसी देशों के बीच निरंतर सहयोग और भारत तथा बांग्लादेश की जनता के पारस्परिक हितों के लिए लाभकारी परिणाम हासिल करने पर जोर दिया गया।
बैठक के दौरान हुमायूं कबीर ने साझा हितों से जुड़े मुद्दों पर भारत के साथ “भविष्य को ध्यान में रखते हुए और आपसी सम्मान” के आधार पर बातचीत जारी रखने की बांग्लादेश की प्रतिबद्धता दोहराई।
बांग्लादेशी अखबार ‘ढाका ट्रिब्यून’ के अनुसार, दोनों पक्षों ने द्विपक्षीय संबंधों के साथ-साथ क्षेत्रीय और अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान किया। इनमें न्यूयॉर्क में हाल ही में संपन्न संयुक्त राष्ट्र महासभा के 81वें सत्र से जुड़े मुद्दे भी शामिल रहे।
