SGSU Advertisement
Home राजनीति गांधी जयंती पर भाजपा का मेगा स्वच्छता अभियान, अमित साटम ने कहा-...

गांधी जयंती पर भाजपा का मेगा स्वच्छता अभियान, अमित साटम ने कहा- स्वच्छ मुंबई हमारा संकल्प

0
5

मुंबई, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। गांधी जयंती के अवसर पर शुक्रवार को पूरे देश में स्वच्छता अभियान चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में मुंबई के जुहू चौपाटी पर भी भारतीय जनता पार्टी द्वारा विशेष सफाई अभियान का आयोजन किया गया। इस अभियान में भाजपा मुंबई अध्यक्ष अमित साटम ने खुद हिस्सा लिया और कार्यकर्ताओं के साथ मिलकर समुद्र तट की सफाई की।

इस मौके पर आईएएनएस से बात करते हुए अमित साटम ने कहा कि यह कार्यक्रम ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत आयोजित किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन के अवसर पर पूरे देश में सेवा संकल्प अभियान चलाया जा रहा है और उसी के अंतर्गत 2 अक्टूबर को पूरे मुंबई में 227 स्थानों पर स्वच्छ भारत, स्वच्छ मुंबई अभियान का आयोजन किया गया है। जहां-जहां कचरे के स्पॉट हैं, वहां भारतीय जनता पार्टी के नगरसेवक, नगरसेविका, विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता सड़कों पर उतरकर सफाई कर रहे हैं।

उन्होंने कहा कि भाजपा का उद्देश्य मुंबई को स्वच्छ और सुंदर बनाना है और यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। जुहू चौपाटी पर आयोजित इस कार्यक्रम में बड़ी संख्या में भाजपा कार्यकर्ता, स्थानीय लोग और सफाई कर्मचारी मौजूद रहे। सभी ने मिलकर बीच पर फैले कचरे और प्लास्टिक को इकट्ठा किया। इस दौरान दो नई बीच क्लीनिंग मशीनों का भी उद्घाटन किया गया।

वहीं, सीजेपी द्वारा प्रस्तावित विरोध-प्रदर्शन को लेकर भी अमित साटम ने प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि कुछ लोग मुंबई की कानून-व्यवस्था को खराब करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने कहा, “मुंबई शहर की लॉ एंड ऑर्डर की स्थिति को खराब करने के लिए कुछ दिमागी नक्सल, एंटी-इंडिया फोर्सेस और देशविरोधी, समाजविरोधी ताकतों द्वारा फंडेड कुछ लोग यहां आकर अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन मुंबई की जनता अच्छी तरह जानती है कि पिछले 12 वर्षों में इस देश को विश्व गुरु बनाने की दिशा में कौन आगे ले गया है। भारत को दुनिया की चौथी सबसे बड़ी अर्थव्यवस्था किसने बनाया है और देश में अराजकता फैलाने की कोशिश कौन कर रहा है।”

साटम ने कहा कि शिवाजी पार्क परिसर में अराजकता फैलाने के लिए कुछ लोग आए हुए हैं लेकिन कानून के हिसाब से जो भी कार्रवाई जरूरी होगी, वह की जाएगी। मुंबई की कानून-व्यवस्था को हाथ से बाहर नहीं जाने दिया जाएगा।