SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय सीईसी के खिलाफ विपक्ष के विरोध पर ओपी राजभर का निशाना, बोले-योगी...

सीईसी के खिलाफ विपक्ष के विरोध पर ओपी राजभर का निशाना, बोले-योगी फिर मुख्यमंत्री बनेंगे

0
3

लखनऊ, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश सरकार के पंचायती राज मंत्री ओम प्रकाश राजभर ने विपक्ष की ओर से सीईसी पर सवाल उठाने को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा है। उन्होंने विश्व हिंदू परिषद के आलोक कुमार के बयान का समर्थन किया है।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “ये लोग सिर्फ बहाना ढूंढ रहे हैं। इन लोगों को पता होना चाहिए कि 2019 में भाजपा 303 सीटें जीती थीं। ज्ञानेश कुमार के आने के बाद 240 हो गए। अगर चोरी होती तो बढ़ता कि घटता? और दूसरी बात कि 2014 के पहले पूरे सिस्टम पर कांग्रेस का कब्जा था, तो कांग्रेस ने चुनाव आयोग से गड़बड़ी करा मोदीजी को प्रधानमंत्री बनवा दिया। उत्तर प्रदेश में 2012-2017 तक अखिलेश यादव का पूरे सिस्टम पर कब्जा था। तो अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग से मिलकर योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनवा दिया।”

उन्होंने कहा कि इन लोगों को अपने गिरेबान में झांक कर देखना चाहिए कि शासन से नाराज होकर जनता ने नरेंद्र मोदी को प्रधानमंत्री बनाया और योगी आदित्यनाथ को मुख्यमंत्री बनाया। अब इन लोगों को छटपटाहट हो रही है कि कुछ मिल नहीं रहा है। 1978 से बंगाल में कांग्रेस नहीं आ रही है। कांग्रेस अलग-अलग राज्यों में 40 वर्ष से चुनाव हार रही है, वहां ज्ञानेश कुमार हैं?

उन्होंने कहा कि इन लोगों की ओर से जनता के बीच अभी से माहौल बनाया जा रहा है कि यूपी के 2027 के चुनाव में हम लोग जीतने वाले नहीं हैं, जनता के बीच जाकर कहेंगे कि वोट की चोरी हो गई। इसी वजह से यह सब ड्रामा किया जा रहा है। चुनाव आयोग स्वतंत्र है, उसको न तो कोई निर्देश देता है और न कुछ करता है। चुनाव आयोग अपने हिसाब और मर्जी के काम करता है।

ओम प्रकाश राजभर ने कहा कि अखिलेश यादव की ओर से कहा जाता है कि मुसलमानों के नेता हम हैं और राहुल गांधी कहते हैं कि उनके नेता हम हैं। अपना नेता चुनने के लिए मुसलमानों को सोचना चाहिए। राज्यसभा के चुनाव में अखिलेश यादव का अल्पसंख्यक, पंडित और अति पिछड़ा कहां चला गया? परिवार और दौलतराम आ गए हैं। अब वे अपराधी खोज रहे हैं, इनका यही ‘पीडीए’ है।

असदुद्दीन ओवैसी की ओर से यूसीसी को लेकर दिए गए बयान पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “ये लोग विरोध करने का धंधा बनाए हुए हैं। एनआरसी और सीएए आया तो यही लोग कह रहे थे कि मुसलमानों को देश से निकालने का कानून है। तीन वर्ष हो गए, एक भी मुसलमान देश से निकला। इन लोगों की ओर से झूठ बोलकर राजनीति की जा रही है।”

विहिप नेता आलोक कुमार के बयान पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “जनता वोट देकर चुनाव जिताती है, न कि चुनाव आयोग जितता है। चुनाव संपन्न करना का चुनाव आयोग एक प्रक्रिया है। जनता मतदान करती है और चुनाव आयोग की ओर से व्यवस्था की जाती है। जनता जिसको पसंद करती है उसकी सरकार बनती है।”

ममता बनर्जी की ओर से चुनाव आयोग पर आरोप लगाए जाने के सवाल पर ओम प्रकाश राजभर ने कहा, “ममता बनर्जी गलत बोल रही हैं। ईवीएम के सहारे ममता बनर्जी मुख्यमंत्री बनी थी। तब ईवीएम और चुनाव आयोग सही थे और हार गईं तो चुनाव आयोग और तमाम सिस्टम गलत हो गया।” ओपी राजभर ने कहा, “2027 में दो तिहाई बहुमत से योगी आदित्यनाथ फिर से मुख्यमंत्री बनने जा रहे हैं।”