नई दिल्ली, 2 अक्टूबर (आईएएनएस)। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन द्वारा प्रधानमंत्री मोदी के यूक्रेन युद्ध खत्म कराने के प्रयासों की सराहना करने पर भाजपा के वरिष्ठ नेता शाहनवाज हुसैन ने प्रतिक्रिया दी है। उन्होंने कहा कि पुतिन को पीएम मोदी पर सबसे ज्यादा भरोसा है।
उन्होंने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन ने प्रधानमंत्री मोदी की सराहना इसलिए की है क्योंकि पीएम नरेंद्र मोदी पहले ऐसे नेता हैं, जिन्होंने रूस जाकर स्पष्ट रूप से कहा था कि हम बुद्ध के देश से आए हैं और हम युद्ध के पक्ष में नहीं हैं। प्रधानमंत्री ने दोनों देशों से युद्ध बंद करने की अपील की थी। उनकी यह प्रेरणा और उनका यह संदेश राष्ट्रपति पुतिन को बहुत अच्छा लगा।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि राष्ट्रपति पुतिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बहुत सम्मान करते हैं और उन पर विश्वास करते हैं। दुनिया में अगर उन्हें सबसे ज्यादा किसी पर भरोसा है, तो वह प्रधानमंत्री मोदी हैं, इसलिए उन्होंने यह बात कही है।
वहीं, मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे और मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) में गड़बड़ियों को लेकर विपक्ष के प्रदर्शन पर शाहनवाज हुसैन ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि यह पूरी तरह से बेवजह का प्रदर्शन है। विपक्ष के पास कोई काम नहीं है और कोई मुद्दा भी नहीं है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष अच्छी तरह जानता है कि केंद्र सरकार बेहतरीन काम कर रही है। जब ईरान, अमेरिका और इजरायल के बीच चल रहे युद्ध से सभी देश प्रभावित हैं, तब भी भारत की अर्थव्यवस्था मजबूत स्थिति में है। इसका कारण प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का बेहतरीन वित्तीय प्रबंधन है, जिसके चलते देश सही रास्ते पर आगे बढ़ रहा है। अगर यही किसी दूसरी सरकार के हाथ में होता, तो आज देश का क्या हाल होता, इसका अंदाजा लगाया जा सकता है।
उन्होंने कहा कि सब कुछ ठीक चल रहा है, इसलिए विपक्ष को समझ नहीं आ रहा कि कौन सा मुद्दा उठाया जाए। जब ये लोग चुनाव में हार जाते हैं, तो अपनी जिम्मेदारी लेने के बजाय सारा दोष चुनाव आयोग पर थोप देते हैं।
शाहनवाज हुसैन ने कहा कि जब विपक्ष कर्नाटक, तेलंगाना, तमिलनाडु, केरल और हिमाचल प्रदेश में जीत जाता है, तब चुनाव आयोग ठीक लगता है। लेकिन जब यही लोग हार जाते हैं, तो चुनाव आयोग और ईवीएम खराब हो जाते हैं।
उन्होंने कहा कि यह प्रदर्शन सिर्फ हताशा का नतीजा है। आम आदमी पार्टी दिल्ली में हार गई, इसलिए वह हताशा में है। कांग्रेस हर जगह हार रही है। कांग्रेस 99 बार चुनाव हार चुकी है, इसलिए उसे लगता है कि शतक लगने से पहले सारा ठीकरा चुनाव आयोग पर फोड़ दिया जाए। इसी कारण वह इस तरह के प्रदर्शन करने की कोशिश कर रही है।
