SGSU Advertisement
Home राजनीति आईआरसीटीसी घोटाले ने लालू परिवार की छवि को नुकसान पहुंचाया : राजीव...

आईआरसीटीसी घोटाले ने लालू परिवार की छवि को नुकसान पहुंचाया : राजीव रंजन

0
5

पटना, 3 अक्टूबर (आईएएनएस)। आईआरसीटीसी घोटाले से जुड़े मामले में शनिवार को राष्ट्रीय जनता दल (राजद) प्रमुख लालू प्रसाद यादव, बिहार विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष तेजस्वी यादव और पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी दिल्ली स्थित राउज एवेन्यू कोर्ट में पेश हुए। इस मामले को लेकर जदयू नेता राजीव रंजन ने दावा किया है कि घोटाले की वजह से लालू परिवार की छवि धूमिल हुई।

पटना में आईएएनएस से बातचीत में जदयू नेता राजीव रंजन ने कहा कि अदालत जो भी फैसला सुनाएगी, वह सभी पक्षों को मंजूर होगा। लेकिन यह तय है कि आईआरसीटीसी मामले समेत ऐसे मामलों ने सार्वजनिक जीवन में लालू और उनके परिवार के सदस्यों की छवि को काफी नुकसान पहुंचाया है और इससे उबरना उनके लिए आसान नहीं होगा।

उन्होंने कहा कि सम्राट चौधरी के नेतृत्व में प्रदेश में कानून-व्यवस्था कायम है। अपराधियों को बख्शा नहीं जा रहा है। कहीं भी अगर अपराध होता है तो पुलिस को निर्देश दिए गए हैं कि 48 घंटे के भीतर आरोपियों की गिरफ्तारी सुनिश्चित की जाए।

भाजपा प्रवक्ता गुरु प्रकाश पासवान ने आईआरसीटीसी घोटाले में लालू परिवार के ऊपर सुनवाई पर कहा कि न्याय होना चाहिए। पहली बार भारत के इतिहास में हुआ कि बगैर नोटिफिकेशन के नौकरियां दे दी गईं, बगैर टेंडर के होटल मेंटेनेंस करने को दे दिया गया, उसके एवज में जमीनें लिखवा ली गईं। अपराध, भ्रष्टाचार, भय, परिवारवाद, राष्ट्रीय जनता दल का असल मतलब यही है।

दूसरी ओर, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर जदयू नेता श्याम रजक ने कहा कि मेरा व्यक्तिगत रूप से मानना है कि जब धर्म राजनीति में आता है, तो राजनीति बेहतर होती है और जब राजनीति धर्म में आती है, तो गंदगी फैलती है। यह मेरा मानना है और कई महान हस्तियों ने भी यही कहा है।

एमएलसी चुनावों में राजद के खिलाफ कांग्रेस के उम्मीदवार उतारने पर श्याम रजक ने कहा कि मैंने बार-बार कहा है कि यह महागठबंधन कोई गठबंधन नहीं है। यह परिवारवाद, भ्रष्टाचार और व्यक्तिवाद का गठबंधन है और ऐसा गठबंधन असल में कभी रहा ही नहीं। हर चुनाव में उन्होंने अपने ही सहयोगियों के खिलाफ चुनाव लड़ा है। उन्होंने ममता बनर्जी के खिलाफ भी चुनाव लड़ा था और यहां भी वे अपने ही गठबंधन सहयोगियों के खिलाफ लड़े हैं।

बाढ़ की स्थिति पर उन्होंने कहा कि हम निश्चित रूप से चिंतित हैं। यह एक प्राकृतिक आपदा है और प्रभावित लोगों की मदद के लिए पूरे देश को एकजुट होना चाहिए। हमारे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, जल संसाधन मंत्री एवं उपमुख्यमंत्री विजय कुमार चौधरी, सभी विभागों के अधिकारी तथा जिला और पुलिस प्रशासन प्रभावित इलाकों में काम कर रहे हैं। जल संसाधन विभाग के इंजीनियर तटबंधों को बचाने के लिए दिन-रात हर संभव प्रयास कर रहे हैं।