SGSU Advertisement
Home अपराध झारखंड के गिरिडीह में इंजीनियरिंग के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

झारखंड के गिरिडीह में इंजीनियरिंग के छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत

0
5

गिरिडीह, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के गिरिडीह में इंजीनियरिंग के एक 22 वर्षीय छात्र की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। मंगलवार देर रात मुफ्फसिल थाना क्षेत्र के शीतलपुर स्थित किराए के मकान में छात्र गंभीर हालत में मिला। उसे तत्काल सदर अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान दुमका जिले के हंसडीहा थाना क्षेत्र के पगवारा निवासी सौरव राज के रूप में हुई है। उसके पिता विनय कुमार दास ने बुधवार सुबह गिरिडीह नगर थाना पहुंचकर पुलिस के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया। उन्होंने बताया कि सौरव ने करीब एक वर्ष पहले गिरिडीह स्थित एसआईटी में इंजीनियरिंग में दाखिला लिया था। वह शीतलपुर में लाला शर्मा के मकान में किराए रहता था।

पिता के अनुसार, मंगलवार रात करीब 9.10 बजे मकान मालिक की बेटी तनी कुमारी ने फोन कर सौरव के कमरे में गंभीर स्थिति में मिलने की जानकारी दी। सूचना मिलते ही परिजन दुमका से गिरिडीह के लिए रवाना हो गए। इस बीच सौरव के एक दोस्त को भी घटना की जानकारी मिली। वह उसके कमरे पर पहुंचा, लेकिन दरवाजा अंदर से बंद था। इसके बाद खिड़की के रास्ते कमरे में पहुंचकर सौरव को बाहर निकाला गया और स्थानीय लोगों की मदद से उसे सदर अस्पताल ले जाया गया।

परिजन रात करीब 11.50 बजे सदर अस्पताल पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने सौरव को मृत घोषित कर दिया। इसके बाद पुलिस की मौजूदगी में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। पुलिस के अनुसार, छात्र के कमरे की स्थिति और घटनाक्रम की जांच की जा रही है। छात्र की कलाई पर चोट के निशान भी मिलने की बात सामने आई है। हालांकि, पुलिस ने अभी मौत के कारण को लेकर कोई निष्कर्ष नहीं बताया है।

पुलिस छात्र की पढ़ाई, हाल के घटनाक्रम और निजी परिस्थितियों समेत विभिन्न पहलुओं की जानकारी जुटा रही है। उसके दोस्तों और मकान के आसपास रहने वाले लोगों से भी पूछताछ की जा रही है। पुलिस यह पता लगाने का प्रयास कर रही है कि घटना से पहले छात्र की स्थिति कैसी थी और आखिर किन परिस्थितियों में उसकी मौत हुई। पुलिस का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।