नई दिल्ली, 7 अक्टूबर (आईएएनएस)। ओलंपिक पदक विजेता मुक्केबाज मैरी कॉम के पूर्व पति ओन्लर कॉम ने उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि (क्रिमिनल डिफेमेशन) की कार्रवाई शुरू की है। उनका आरोप है कि मैरी कॉम ने टेलीविजन कार्यक्रमों और अन्य सार्वजनिक मंचों पर उनके बारे में अपमानजनक और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने वाली टिप्पणियां की हैं।
ओन्लर ने कहा कि केस दर्ज कर लिया गया है और अगली सुनवाई 19 नवंबर 2026 को तय की गई है। ओन्लर ने ‘आईएएनएस’ को बताया, “वह सिर्फ ध्यान खींचने के लिए सार्वजनिक मंचों पर मेरे बारे में बहुत सारे झूठ बोल रही हैं। मैंने उनके खिलाफ आपराधिक मानहानि का केस दर्ज कराया है। केस दर्ज हो चुका है और अगली सुनवाई 19 नवंबर 2026 को होगी।”
यह घटनाक्रम इस पूर्व जोड़े के बीच जारी सार्वजनिक विवाद के बीच हुआ है। मैरी कॉम ने पहले ओन्लर पर अपने बॉक्सिंग करियर से कमाए करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि उनके नाम पर लोन लिए गए, उनकी संपत्ति गिरवी रखी गई और उनकी उचित सहमति के बिना कुछ संपत्तियां ओन्लर के नाम ट्रांसफर कर दी गईं।
ओन्लर ने इन आरोपों से इनकार करते हुए कहा है कि उन्हें इस बात से कोई आपत्ति नहीं है कि तलाक के बाद मैरी कॉम अपनी जिंदगी में आगे बढ़ें, लेकिन वह नहीं चाहते कि उन्हें सार्वजनिक रूप से दोषी ठहराया जाए या बदनाम किया जाए। उन्होंने कहा, “मैं अब शराब नहीं पीता। मेरे छोटे बच्चे हैं, और वह हर बार मुझे बदनाम नहीं कर सकतीं। हमारा तलाक हो चुका है। वह जो चाहें कर सकती हैं; मुझे इससे कोई दिक्कत नहीं है। लेकिन मुझे बदनाम क्यों करें?”
उन्होंने कहा कि अपने खिलाफ लगाए गए आरोपों के बावजूद, उन्होंने जानबूझकर मैरी कॉम की निजी कमजोरियों के बारे में सार्वजनिक रूप से बात करने से परहेज किया है। उन्होंने आगे कहा, “क्या मैंने कभी किसी को उनकी कोई कमजोरी बताई है? नहीं। उनकी कई बुरी आदतें हैं, लेकिन मैंने कभी उनके बारे में सार्वजनिक रूप से बात नहीं की है।”
मैरी कॉम और ओन्लर ने 2005 में शादी की थी और उनके चार बच्चे हैं। ओन्लर ने मैरी के बॉक्सिंग करियर के दौरान उनका साथ दिया और जब वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करती थीं, तब घर की जिम्मेदारियां संभालीं। वर्षों के मतभेदों के बाद यह जोड़ा अलग हो गया और 2023 में उनका तलाक हो गया।
