SGSU Advertisement
Home Student & Youth 470 खिलाड़ियों को मिला यूपी पुलिस में नियुक्ति पत्र, सीएम योगी बोले-यह...

470 खिलाड़ियों को मिला यूपी पुलिस में नियुक्ति पत्र, सीएम योगी बोले-यह सरकार की कृपा नहीं, परिश्रम का परिणाम

0
5

लखनऊ, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश पुलिस में कुशल खिलाड़ी कोटे के तहत चुने गए 470 खेल प्रतिभाओं को नियुक्ति पत्र बांटने के लिए बुधवार को लखनऊ में एक समारोह आयोजित किया गया। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने सभी चयनित खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे।

सीएम योगी आदित्यनाथ ने समारोह को संबोधित करते हुए कहा कि आज 470 खिलाड़ियों को नियुक्ति पत्र सौंपे गए हैं। इनमें 303 पुरुष और 167 महिलाएं शामिल हैं। आरक्षी नागरिक पुलिस में 295 नियुक्तियां की गई हैं, जिनमें 148 पुरुष और 147 महिलाएं हैं। उप-निरीक्षक नागरिक पुलिस में 63 खिलाड़ियों को नियुक्त किया है, जिनमें 43 पुरुष हैं और 20 महिलाएं हैं। वहीं, आरक्षी पीएसी में 132 का चयन हुआ है।

उन्होंने कहा, “मैं केवल आपसे पूछना चाहता हूं कि जो नियुक्ति पत्र आपको वितरित हुआ है, जो नियुक्ति की प्रक्रिया हुई है, क्या इसमें किसी ने आपसे कोई पैसा मांगा, आपसे किसी ने पैसे की डिमांड की, आपको कहीं से सिफारिश कराने की आवश्यकता पड़ी, तो याद रखना आज जो नियुक्ति पत्र प्राप्त हो रहा है, यह न सरकार की कृपा है, न मेरी अनुकंपा है। यह आपका परिश्रम है और उसकी कीमत है। परिश्रम कभी व्यर्थ भी नहीं जाता। आपके परिश्रम की कीमत जो हो सकती थी, वही आपके साथ न्याय है और पुलिस वर्दी में भी उसी प्रकार की न्याय की अपेक्षा सरकार आपसे रखती है।”

उन्होंने कहा, “हमारे पास 2017 में सीधी भर्ती से पुलिस या किसी भी विभाग में खिलाड़ी को भर्ती करने का कोई नियम नहीं था। हम लोगों ने सीधी भर्ती से पुलिस की भर्ती की प्रक्रिया के साथ-साथ विभिन्न विभागों में नियुक्ति देना प्रारंभ किया। यहां लगभग 1,000 खिलाड़ियों को अब तक हम सीधी भर्ती से नियुक्ति पत्र दे चुके हैं। 470 को अभी दे रहे हैं और 555 की प्रक्रिया प्रारंभ हो चुकी है, जिनको हम फिर से नियुक्ति पत्र देने की प्रक्रिया के साथ जोड़ेंगे। उनका चयन की प्रक्रिया चल रही है।

सीएम ने कहा कि उत्तर प्रदेश की एक बेटी जब मेडल प्राप्त की, तो उसने कहा, “गोल्ड मेडल में इसलिए जीती हूं, क्योंकि उत्तर प्रदेश सरकार की डिप्टी एसपी के पद पर मेरा निशाना था। हमने सीधी भर्ती से उनको डिप्टी एसपी का पद भी दिया है।”

सीएम योगी ने कहा कि कई वर्षों के बाद भारत की हॉकी टीम ने ओलंपिक में मेडल जीता था। उस समय हमने खेल नीति बदली और ललित उपाध्याय को डिप्टी एसपी का पद दिया। उसके प्रांत राजकुमार पाल को डिप्टी एसपी का पद दिया। ये दोनों खिलाड़ी गाजीपुर की एक निजी खेल एकेडमी के साथ जुड़े थे। आज हम 7 ऐसे खिलाड़ियों को डिप्टी एसपी का पद दे चुके हैं।

उन्होंने कहा, “मुझे बताते हुए प्रसन्नता है कि हम लोगों ने अब तक जो हमारे कुशल खिलाड़ी हैं, जिन्होंने ओलंपिक में और अन्य प्रतियोगिताओं में प्रदेश के लिए मैडल जीते हैं, उनको प्रोत्साहन राशि के रूप में 200 करोड़ रूपए से अधिक उपलब्ध करवाया है।” सीएम योगी ने कहा कि हम हर कमिश्नरी में एक स्पोर्ट्स कॉलेज दे रहे हैं। स्पोर्ट्स कॉलेज में सेंटर ऑफ एक्सीलेंस दे रहे हैं।