SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय वाराणसी से हरिद्वार तक, शारदीय नवरात्रि के पहले दिन मां के दरबार...

वाराणसी से हरिद्वार तक, शारदीय नवरात्रि के पहले दिन मां के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब

0
5

वाराणसी, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। शारदीय नवरात्रि 2026 के पहले दिन देशभर के शक्ति पीठों और देवी मंदिरों में भक्तों की भारी भीड़ देखने को मिल रही है। पहले दिन मां शैलपुत्री की पूजा का विधान है। इस अवसर पर वाराणसी के मां शैलपुत्री मंदिर, अयोध्या के छोटी देवकाली मंदिर और हरिद्वार के मां मनसा देवी मंदिर में रविवार सुबह से ही श्रद्धालु दर्शन के लिए कतारों में लगे रहे।

उत्तर प्रदेश के वाराणसी स्थित मां शैलपुत्री मंदिर में तड़के से ही भक्तों की लंबी कतारें देखी जा रही है। इसके बावजूद श्रद्धालुओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है। इस दौरान श्रद्धालु रिंकू सेठ ने आईएएनएस से बातचीत में कहा, “हम व्रत रखते हैं और विधि-विधान से पूजा करते हैं। आज दर्शन करने आए हैं। शैलपुत्री मंदिर में बहुत ज्यादा भीड़ है। बस मां के दर्शन मिल जाएं, वही बहुत है।”

वाराणसी की रहने वाली श्रद्धालु संध्या सिंह ने बताया, “मैं पहले दिन कलश स्थापना करती हूं। मैं कई सालों से शैलपुत्री माता की पूजा कर रही हूं। उन्हीं की कृपा से मैंने वाराणसी में दो जगह अपना मकान बनवाया है। मेरा गांव भी यहीं है और सब कुछ मां के आशीर्वाद से बहुत अच्छा चल रहा है।”

एक अन्य श्रद्धालु पूजा पांडे ने कहा, “आज नवरात्रि और मां शैलपुत्री का पहला दिन है। हम दर्शन के लिए आए हैं। पहले दिन पूजा-पाठ और कलश स्थापना की जाती है और व्रत रखा जाता है। मैं यहां पहली बार आई हूं। भीड़ अच्छी-खासी है लेकिन दर्शन आराम से और बहुत अच्छे से हो गए।”

नवरात्रि के पहले दिन अयोध्या में भी आस्था का सैलाब उमड़ा। यहां बड़ी संख्या में श्रद्धालु अपने परिवार की कुलदेवी मां छोटी देवकाली मंदिर में पूजा-अर्चना के लिए पहुंच रहे हैं। सुबह से ही मंदिर परिसर में भक्तों की भीड़ लगी हुई है। वहीं, उत्तराखंड के हरिद्वार में स्थित मां मनसा देवी मंदिर में भी उत्सव का मौहल देखने को मिल रहा है। सुबह से भक्त लाइनों में लगकर माता रानी के दर्शन कर रहे हैं। पुलिस-प्रशासन द्वारा सुरक्षा व्यवस्था के विशेष इंतजाम किए गए हैं।