SGSU Advertisement
Home राजनीति दिल्ली की सीएम रेखा पर सुप्रिया श्रीनेत के निशाना साधने पर सिरसा...

दिल्ली की सीएम रेखा पर सुप्रिया श्रीनेत के निशाना साधने पर सिरसा बोले-‘कांग्रेस का यही असली चेहरा’

0
3

नई दिल्ली, 11 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली सरकार के मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की ओर से कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत पर निशाना साधा गया है। सुप्रिया श्रीनेत ने दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता के एक ‘एक्स’ पोस्ट पर सवाल करते हुए उन्हें घेरा था। इसका जवाब देते हुए मनजिंदर सिंह सिरसा ने एक्स पर लिखा कि कांग्रेस का यही असली चेहरा है।

मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर लिखा, “सुप्रिया जी, दिल्ली की चुनी हुई महिला मुख्यमंत्री को ‘पागल’ और ‘दो कौड़ी की ट्रोल’ कहना? यही है कांग्रेस का असली चेहरा! सोनिया गांधी, प्रियंका गांधी, जवाब दीजिए! “लड़की हूं, लड़ सकती हूं” का ढोल पीटने वाली पार्टी की प्रवक्ता एक महिला मुख्यमंत्री को सरेआम गालियां दे रही है और आप चुप हैं, या यह नारा सिर्फ वोट बटोरने का ढोंग था?”

मनजिंदर सिंह सिरसा की ओर से आगे लिखा गया, “सड़कों पर तांडव आपके साथियों ने किया, पुलिस पर हमला आपके लोगों ने किया और अब उपद्रवियों को “देश के युवा” बताकर बचा रही हैं। किसी बेटी के साथ बदसलूकी हुई है तो दोषी को सजा मिलेगी, चाहे वह किसी भी दल का हो। दंगाइयों की वकालत बंद कीजिए। दिल्ली सब देख रही है और जवाब भी देगी।”

कांग्रेस नेता सुप्रिया श्रीनेत ने शनिवार रात को सोशल मीडिया पर पोस्ट कर लिखा था, “आप पागल हो गईं हैं क्या? आपने लड़कियों के साथ हुई बदसलूकी देखी? आप दिल्ली पुलिस का किस चीज के लिए साधुवाद कर रही हैं? देश के युवाओं को राक्षसों की तरह पीटने के लिए? गुंडों के आगे मूकदर्शक बने रहने के लिए दिल्ली की महिला मुख्यमंत्री हैं आप, दो कौड़ी की ट्रोल तो न बनिए।”

बता दें कि दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता की ओर से शनिवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा गया था, “दिल्ली की सड़कों पर आज जो कुछ हुआ, वह अत्यंत दुर्भाग्यपूर्ण है। कांग्रेस+आप+लेफ्ट+सीजेपी के लोगों ने विरोध के नाम पर खुलेआम तांडव किया। शांति व्यवस्था सुनिश्चित करने में जुटी दिल्ली पुलिस और सभी सुरक्षा बलों को उकसाया गया और जानबूझकर टकराव की स्थिति पैदा करने प्रयास किया गया।”

सीएम रेखा ने आगे लिखा था, “दिल्ली के मेरे भाई-बहनों, आपने इस कठिन समय में जिस धैर्य और समझदारी का परिचय दिया, उसके लिए हम आपके आभारी हैं। आंदोलनजीवियों ने दिल्ली के सौहार्दपूर्ण माहौल को खराब करने का पूरा प्रयास किया लेकिन हमारी पुलिस और सुरक्षा बलों की कर्तव्यनिष्ठा के चलते सब ठीक रहा।”

मुख्यमंत्री की ओर से लिखा गया था, “मैं दिल्ली पुलिस के जवानों को विशेष रूप से साधुवाद देती हूं। उन्होंने धैर्य नहीं खोया। पूरी जिम्मेदारी और सूझबूझ से हालात को संभाला और आम नागरिकों की सुरक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी। हम सुनिश्चित करेंगे कि दिल्लीवासियों की सुरक्षा, सुविधा और सामान्य जनजीवन में किसी भी प्रकार का व्यवधान न आने पाए। कानून अपना काम पूरी दृढ़ता से करेगा।”