SGSU Advertisement
Home राजनीति दिल्ली में ‘दुर्गा’ योजना का पोर्टल लॉन्च, 1,170 महिलाओं और 130 ट्रांसजेंडर्स...

दिल्ली में ‘दुर्गा’ योजना का पोर्टल लॉन्च, 1,170 महिलाओं और 130 ट्रांसजेंडर्स को मिलेंगे ई-ऑटो

0
6

नई दिल्ली, 12 अक्टूबर (आईएएनएस)। महिलाओं और ट्रांसजेंडर समुदाय को आर्थिक रूप से सशक्त बनाने और दिल्ली में लास्ट-माइल कनेक्टिविटी को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘दुर्गा’ योजना शुरू की गई है। योजना के तहत शुरुआती चरण में लगभग 1,300 ई-ऑटो दिए जाएंगे। इसमें 1,170 महिलाओं और 130 ट्रांसजेंडर्स को शामिल किया गया है। मंत्री पंकज सिंह ने योजना के पोर्टल का शुभारंभ करते हुए यह जानकारी दी।

मंत्री ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य महिलाओं को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना, ट्रांसजेंडर समुदाय को रोजगार के अवसर उपलब्ध कराना और राजधानी में स्वच्छ परिवहन व्यवस्था को प्रोत्साहित करना है। उन्होंने कहा कि यह योजना ‘स्वच्छ दिल्ली, सशक्त दिल्ली’ के लक्ष्य को आगे बढ़ाने में भी मदद करेगी। शुरुआती चरण में दिल्ली के प्रत्येक जिले में 90 महिलाओं और 10 ट्रांसजेंडर्स को ई-ऑटो दिए जाएंगे। इस तरह कुल 1,170 महिलाओं और 130 ट्रांसजेंडर लोगों को योजना का लाभ देने की तैयारी है।

उन्होंने कहा कि ई-ऑटो मिलने से महिलाओं को आर्थिक मजबूती मिलेगी और वे रोजगार के माध्यम से आत्मनिर्भर बनने की दिशा में आगे बढ़ सकेंगी। इसके साथ ही ई-ऑटो के जरिए लोगों को उनके गंतव्य तक पहुंचने के लिए बेहतर लास्ट-माइल कनेक्टिविटी उपलब्ध कराने में मदद मिलेगी। मंत्री पंकज सिंह ने स्पष्ट किया कि योजना के लाभार्थियों को ईवी पॉलिसी 2026 के तहत मिलने वाली प्रोत्साहन राशि और सब्सिडी का लाभ भी दिया जाएगा। योजना के अंतर्गत ई-ऑटो के लिए भी सरकार की ओर से वही सब्सिडी उपलब्ध कराई जाएगी, जो इलेक्ट्रिक वाहनों को प्रोत्साहित करने के लिए निर्धारित की गई है। इस कदम से योजना में शामिल महिलाओं और ट्रांसजेंडर लाभार्थियों को ई-ऑटो हासिल करने में आर्थिक सहायता मिलने की उम्मीद है।

पंकज सिंह ने बताया कि सरकार ने ‘दुर्गा’ योजना के लिए पोर्टल लॉन्च कर दिया है। अब इच्छुक महिलाएं और ट्रांसजेंडर समुदाय के लोग इस पोर्टल के माध्यम से आवेदन कर सकेंगे। जैसे-जैसे आवेदन प्राप्त होंगे, उसी के अनुसार लाभार्थियों को मंजूरी देने की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जाएगी। योजना के जरिए सरकार का लक्ष्य आर्थिक सशक्तिकरण के साथ-साथ इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देना और दिल्ली में स्वच्छ परिवहन व्यवस्था को मजबूत करना है।