SGSU Advertisement
Home राजनीति विपक्ष के भ्रम को दूर करने के लिए एमडीआर की वास्तविकता पर...

विपक्ष के भ्रम को दूर करने के लिए एमडीआर की वास्तविकता पर चलाएंगे जनजागरण अभियान: प्रवीण खंडेलवाल

0
12

नई दिल्ली, 13 अक्टूबर (आईएएनएस)। भाजपा सांसद प्रवीण खंडेलवाल ने मंगलवार को यूनिफाइड पेमेंट्स इंटरफेस (यूपीआई) ट्रांजैक्शन पर प्रस्तावित मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) को टालने के सरकार के फैसले का स्वागत किया। उन्होंने पीएम मोदी और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण का आभार जताया।

आईएएनएस से बातचीत में भाजपा सांसद ने कहा कि एमडीआर चार्ज जो 15 अक्टूबर से लागू होने वाला था। उसे टाल दिया गया है। उन्होंने बताया कि 30 सितंबर को कन्फेडरेशन ऑफ ऑल इंडिया ट्रेडर्स (कैट) का एक प्रतिनिधिमंडल वित्त मंत्री से मिला था। उन्होंने व्यापारियों की चिंताओं और शंकाओं को ध्यान से सुना। इस चार्ज को टालने का फैसला सरकार का एक बड़ा कदम है।

एमडीआर पर विपक्ष के भ्रम का जिक्र करते हुए भाजपा सांसद ने कहा कि जब एमडीआर की बात सामने आई तो लोगों को गुमराह करने के लिए विपक्ष ने पूरी कोशिश की। विपक्ष के भ्रम में लोग आए, लेकिन सच्चाई सभी के सामने है।

भाजपा सांसद ने कहा कि कैट देश के सभी व्यापारियों के साथ मिलकर जनजागरण अभियान चलाएगी। जिसमें एमडीआर की वास्तविता के बारे में बताया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस अभियान के तहत बताया जाएगा कि एमडीआर लगाने की जरूरत क्यों पड़ी।

उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर पोस्ट शेयर करते हुए लिखा कि यह घोषणा करते हुए खुशी हो रही है कि चुनिंदा यूपीआई व्यापारी लेनदेन पर प्रस्तावित एमडीआर शुल्क दिवाली के बाद तक के लिए टाल दिया गया है। भारत के डिजिटल भुगतान पारिस्थितिकी तंत्र को मजबूत करते हुए व्यापारियों के हितों की सुरक्षा की दिशा में यह वास्तव में एक स्वागत योग्य कदम है।

इससे पहले अखिल भारतीय व्यापारी परिसंघ (कैट) ने भी खुशी जाहिर की। व्यापारी संगठन ने कहा कि इस कदम से व्यापारियों के हितों की रक्षा होगी और त्योहारों सीजन में डिजिटल पेमेंट के लगातार बढ़ते ट्रेंड को प्रोत्साहन मिलेगा। यह फैसला सही समय पर और व्यावहारिक है, खासकर त्योहारों और शादियों के अहम सीजन के दौरान जब लाखों व्यापारी और एमएसएमई ज्यादा कारोबार करते हैं।