SGSU Advertisement
Home अपराध झारखंड के आदित्यपुर में कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में दो दिन में...

झारखंड के आदित्यपुर में कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में दो दिन में मिले दो लोगों के शव

0
7

जमशेदपुर, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के सरायकेला-खरसावां जिले के आदित्यपुर स्थित कृषि विज्ञान केंद्र परिसर में लगातार दो दिनों के भीतर दो लोगों के शव मिलने से सनसनी फैल गई है। बुधवार सुबह परिसर के तालाब में एक व्यक्ति का शव तैरता मिला। बाद में मृतक की पहचान स्थानीय निवासी किशन देव साहनी के रूप में हुई है।

इससे एक दिन पहले मंगलवार को इसी परिसर के खेत से एक व्यक्ति का शव मिला था, जिसकी पहचान रथू महतो के रूप में हुई है। दोनों की मौत कैसे हुई,यह स्पष्ट नहीं हो पाया है। पुलिस ने दोनों घटनाओं में अस्वाभाविक मौत की प्राथमिकी दर्ज की है।

पुलिस के अनुसार, बुधवार सुबह करीब छह बजे कुछ लोगों ने कृषि विज्ञान केंद्र परिसर के तालाब में शव तैरते देखा। इसकी जानकारी मिलते ही आसपास के लोगों की भीड़ जुटने लगी। बाद में मृतक की पहचान किशन देव साहनी के रूप में हुई। बताया गया है कि वह गम्हरिया ब्लॉक के पास किराये के मकान में रहता था। हालांकि, किशन देव साहनी की मौत कब और किन परिस्थितियों में हुई, यह अभी स्पष्ट नहीं हो पाया है।

इससे पहले मंगलवार को इसी कृषि विज्ञान केंद्र परिसर के खेत में एक व्यक्ति का शव मिला था। उसकी पहचान रथू महतो के रूप में हुई। एक ही परिसर में लगातार दो दिनों तक शव मिलने से स्थानीय लोगों के बीच कई सवाल उठ रहे हैं। हालांकि, दोनों मृतकों की पहचान हो जाने के बावजूद उनकी मौत के कारणों के बारे में स्पष्ट जानकारी नहीं मिल सकी है। दोनों घटनाओं के बीच कोई संबंध है या नहीं, यह भी अभी स्पष्ट नहीं है।

पुलिस दोनों मामलों की जांच कर रही है। मौत की परिस्थितियों का पता लगाने के लिए जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।