SGSU Advertisement
Home राज्य लोगों को स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा उपलब्ध कराने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली...

लोगों को स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा उपलब्ध कराने पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का करें प्रभावी क्रियान्वयन : नवकरणीय ऊर्जा मंत्री

0
19

भोपाल : 6 अक्टूबर/ प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी की मंशानुसार लोगों को स्वच्छ और सस्ती ऊर्जा उपलब्ध कराने के लिए जरूरी है कि पीएम सूर्यघर मुफ्त बिजली योजना का प्रभावी क्रियान्वयन किया जाये। नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा मंत्री श्री राकेश शुक्ला ने यह बात मंगलवार को सेवा सेतु अभियान अन्तर्गत रवीन्द्र भवन भोपाल में आयोजित शिविर में कही।

मंत्री श्री शुक्ला ने कहा कि रूफटॉप सोलर पैनल लगाने के लिए क्षेत्रवार लक्ष्य निर्धारित कर उसकी शत-प्रतिशत पूर्ति सुनिश्चित की जाये। इस कार्य की सतत मानीटरिंग होना चाहिए। योजना के क्रियान्वयन में आ रही कमियों को भी दूर करें। उन्होंने कहा कि आगे आने वाली पीढ़ी को हरा भरा और सोलर बिजली से युक्त मध्यप्रदेश सौंपना हम सबकी जिम्मेदारी है।

अपर मुख्य सचिव नवीन एवं नवकरणीय ऊर्जा श्री मनु श्रीवास्तव ने कहा कि सोलर संयत्र से मिलने वाली बिजली 2 रूपये प्रति यूनिट है, जबकि कोयला बनने वाली बिजली 6 रूपये प्रति यूनिट है। साथ ही सोलर एनर्जी पर्यावरण के लिए पूरी तरह सुरक्षित है। अत: इस अभियान में सभी लोग सक्रिय सहभागिता करें।

मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के प्रबंध संचालक श्री ऋषि गर्ग ने बताया कि प्रदेश में एक लाख 88 हजार रूफटॉप सोलर पैनल लग चुके हैं। प्रदेश में 750 मेगावॉट की सेालर एनर्जी की क्षमता विकसित हो चुकी है। उन्होंने बताया कि शिविरों के माध्यम से लोगों को जागरूक किया जा रहा है।

रूरल इलेक्ट्रिफिकेशन कॉरपोरेशन (REC) के पदाधिकारी श्री विजय कुलकर्णी ने बताया कि देश में एक करोड़ घरों में रूफटाप सोलर पैनल लगाने का लक्ष्य है। अभी तक 51 लाख लगाये गये हैं। वीडियो के माध्यम से सोलर पैनल के उपयोग की जानकारी दी गयी।

कार्यक्रम में मध्य क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी के निदेशक (वाणिज्‍य) श्री सुधीर कुमार श्रीवास्‍तव, मुख्य महाप्रबंधक (मानव संसाधन एवं प्रशासन) डॉ. राकेश शर्मा, मुख्‍य वित्‍तीय अधिकारी श्री अखिलेश कुमार पाण्डे, मुख्य महाप्रबंधक (भोपाल क्षेत्र) श्री बी.बी.एस. परिहार, मुख्‍य महाप्रबंधक (सतर्कता) श्री डी.पी.अहिरवार, मुख्य महाप्रबंधक (वाणिज्य) श्रीमती स्वाति सिंह, मुख्य महाप्रबंधक (परियोजना) श्रीमती अमिता तिवारी, महाप्रबंधक (NCE) श्री जाहिद अज़ीज़ खान तथा सिटी सर्किल भोपाल के महाप्रबंधक श्री प्रदीप सिंह चौहान सहित कंपनी के अन्य वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

इस अवसर पर मंत्री श्री शुक्ला ने सोलर पैनल से संबंधित लगे स्टॉल का भी अवलोकन किया। आभार प्रदर्शन एम.डी. ऊर्जा विकास निगम श्री अमित तोमर ने किया।