पानीहाटी, 15 अक्टूबर (आईएएनएस)। बालुरघाट लोकसभा सीट से सांसद सुकांत मजूमदार ने पश्चिम बंगाल की सरकार बदलने के बाद पहली दुर्गा पूजा, अभिनेता इमरान खान की राजनीतिक सक्रियता और उन्हें मिले ‘एग्जिट नोटिस’, ज्ञानेश कुमार से जुड़ी याचिका पर सुप्रीम कोर्ट के सवाल और सीजेपी नेताओं सौरव दास तथा आशुतोष रांका को मिली पांच दिन की न्यायिक हिरासत पर अपनी प्रतिक्रिया दी।
सीजेपी नेताओं सौरव दास और आशुतोष रांका को पांच दिन की न्यायिक हिरासत में भेजे जाने पर केंद्रीय राज्य मंत्री सुकांत मजूमदार ने मीडिया से कहा, “यह अदालत का आदेश है, और इसमें न तो आप कुछ कर सकते हैं और न ही मैं। अगर अदालत ने न्यायिक हिरासत का आदेश दिया है, तो यह पूरी तरह से न्यायपालिका का मामला है और हम अदालत के फैसले के खिलाफ कोई कदम नहीं उठा सकते।”
एक अन्य सवाल के जवाब में मजूमदार ने कहा, “लोकतंत्र में सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाना हर किसी का अधिकार है, लेकिन विपक्ष को सालों से लगातार हार का सामना करना पड़ रहा है। गृह मंत्री ने आंकड़ों के साथ इस बात को रखा है कि कांग्रेस कितने लंबे समय से अलग-अलग राज्यों में सत्ता से बाहर है। मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार ने अभी एक साल पहले ही अपना पद संभाला है।”
केंद्रीय मंत्री सुकांत मजूमदार ने कहा, “दुर्गा पूजा के दौरान का माहौल बताता है कि सरकार बदल गई है। पहले अजान सुनाई देती थी। आज पंडालों में स्वतंत्रता सेनानी, ‘वंदे मातरम’, बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय और वीर सावरकर दिखाई देते हैं। बंगाल, जो कभी राष्ट्रवाद और देशभक्ति के लिए जाना जाता था, अब अपनी जड़ों की ओर लौट रहा है।”
उन्होंने कहा कि अंग्रेजों से लड़ाई के दौरान सेनानियों को काला पानी में वीर सावरकर के नेतृत्व में वह दिखाई दे रहा है। बंगाल एक क्रेडल है देशभक्ति और त्याग का। बंगाल दोबारा उसी दिशा में अग्रसर है।
इमरान खान के विदेशी नागरिकता के बाद भी सीजेपी आंदोलन में शामिल होने और पुलिस द्वारा देश छोड़ने के आदेश को लेकर सुकांत मजूमदार ने कहा कि आप अगर यूएस के नागरिक हैं तो आप वहां की राजनीति में भाग ले सकते हैं। मैं भारत का नागरिक हूं तो दूसरे देश में रैली नहीं कर सकता। इमरान खान का भारत की राजनीति से कोई लेना-देना नहीं है।
