SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय कनॉट प्लेस में प्रदर्शन से कारोबारियों को नुकसान, कोर्ट तक पहुंचा मामला

कनॉट प्लेस में प्रदर्शन से कारोबारियों को नुकसान, कोर्ट तक पहुंचा मामला

0
4

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली के कनॉट प्लेस में हो रहे प्रदर्शनों के कारण कारोबार प्रभावित होने का हवाला देते हुए एक प्रमुख रेस्तरां के मालिक ने अदालत में याचिका दायर कर प्रदर्शन पर रोक लगाने और आर्थिक नुकसान के मुआवजे की मांग की है।

रेस्तरां मालिक के वकील उमंग त्यागी ने बताया कि कनॉट प्लेस स्थित एक प्रमुख रेस्तरां की ओर से यह याचिका दायर की गई है। याचिका में कहा गया है कि क्षेत्र में हो रहे प्रदर्शनों के कारण आसपास के दुकानदारों और रेस्तरां को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।

उमंग त्यागी के अनुसार, 10 अक्टूबर को हुए प्रदर्शन के दौरान कनॉट प्लेस और उसके आसपास के दुकानदारों तथा रेस्तरां को लगभग 200 करोड़ रुपये का नुकसान होने की बात उद्योग जगत के एक संगठन ने कही थी। उन्होंने कहा कि 16 अक्टूबर को एक बार फिर कनॉट प्लेस के सेंट्रल पार्क में प्रदर्शन का आह्वान किया गया था, जिसके मद्देनजर यह याचिका दायर की गई।

वकील ने बताया कि याचिका में दो प्रमुख मांगें रखी गई हैं। पहली, संबंधित व्यावसायिक प्रतिष्ठानों के आसपास प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। दूसरी, प्रदर्शन के कारण हुए आर्थिक नुकसान की भरपाई कराई जानी चाहिए।

उन्होंने कहा कि वर्ष 2019 के सुप्रीम कोर्ट के फैसले का हवाला देते हुए मुआवजे की मांग की गई है। उनके मुताबिक, यदि ऐसे स्थानों पर प्रदर्शन किए जाते हैं, जिन्हें इसके लिए अधिसूचित नहीं किया गया है, तो उससे प्रभावित लोगों की आजीविका को हुए नुकसान की भरपाई की जानी चाहिए।

उमंग त्यागी ने कहा कि रेस्तरां मालिकों को भी भारतीय संविधान के अनुच्छेद 19(1)(जी) के तहत व्यवसाय करने की स्वतंत्रता और अनुच्छेद 21 के तहत जीवन के अधिकार का संरक्षण प्राप्त है। ऐसे में उन्हें बिना किसी बाधा के अपना कारोबार चलाने का अवसर मिलना चाहिए।

उन्होंने बताया कि अदालत ने सुनवाई के दौरान कहा कि इसी तरह की याचिकाओं पर बुधवार को कुछ आदेश पारित किए गए थे। इसके बाद उनकी याचिका पर सुनवाई 29 अक्टूबर को निर्धारित की गई है। यह दिल्ली हाई कोर्ट के दोबारा खुलने की तारीख है।

बता दें कि शुक्रवार को भी कनॉट प्लेस में तिरंगा प्रदर्शन का आह्वान किया था, जिसे लेकर अभिजीत दिपके और नेहा बोरा को हिरासत में लिया गया है। साथ ही, सीपी में भारी संख्या में पुलिस बल तैनात है, ताकि की किसी प्रकार का प्रदर्शन न हो और हालात नियंत्रित रहे।