SGSU Advertisement
Home राजनीति एमएलसी चुनाव में सभी आठ सीटों पर जीत रही एनडीए, पटना की...

एमएलसी चुनाव में सभी आठ सीटों पर जीत रही एनडीए, पटना की दोनों सीटें बड़े अंतर से जीतेंगे: संजय झा

0
5

पटना, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार में विधान परिषद (एमएलसी) चुनाव को लेकर जनता दल यूनाइटेड (जेडीयू) के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय कुमार झा ने एनडीए की जीत का भरोसा जताया है। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी और एनडीए के उम्मीदवार सभी आठ सीटों पर चुनाव लड़ रहे हैं, जिनमें पटना की दो सीटें भी शामिल हैं। पार्टी के उम्मीदवार बड़े अंतर से जीत हासिल करेंगे।

जेडीयू के कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष संजय झा ने कहा कि पटना से जेडीयू उम्मीदवार नीरज कुमार के पिछले कार्यकाल और लोगों से मिले फीडबैक को देखते हुए उनकी जीत बड़े अंतर से होने की उम्मीद है। पार्टी के दूसरे उम्मीदवार नवल यादव भी भारी मतों से चुनाव जीतेंगे।

जेडीयू विधायक अनंत सिंह के विवादित बयान को लेकर पूछे गए सवाल पर संजय कुमार झा ने कहा कि उनका बयान सामने आया था और बाद में उन्होंने इस पर स्पष्टीकरण भी दिया है। इस पूरे मामले की जानकारी पार्टी के राज्य नेतृत्व को है और घटनाक्रम पर नजर रखी जा रही है।

अनंत सिंह के नौ लोगों की हत्या करवाने संबंधी दावे पर प्रतिक्रिया देते हुए संजय झा ने कहा कि बयान के बाद संबंधित विधायक की ओर से सफाई भी आ चुकी है। पार्टी की राज्य इकाई को मामले की पूरी जानकारी है। संजय कुमार झा ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस कभी मध्यमार्गी विचारधारा वाली पार्टी हुआ करती थी लेकिन अब उसके साथ नजर आने वाले लोगों और उनके पुराने रिकॉर्ड पर गौर करने की जरूरत है।

उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ लोग देश में ऐसी व्यवस्था लाना चाहते हैं, जो बांग्लादेश में हुए घटनाक्रम से प्रेरित दिखाई देती है। संजय झा ने कहा कि लोकतंत्र में जनता अपने प्रतिनिधियों और सरकार का चुनाव खुद करती है। ऐसे में किसी भी व्यक्ति या समूह को अपनी विचारधारा जनता पर थोपने का अधिकार नहीं है।

उन्होंने आगे आरोप लगाया कि जनता का समर्थन नहीं मिलने के कारण कुछ लोग देश में अराजकता फैलाकर राजनीतिक संकट पैदा करने की कोशिश कर रहे हैं।

संजय झा ने कहा, “इलेक्शन कमीशन जो एसआईआर कराती है, असल में मतदाता सूची की ‘सफाई’ है। अगर किसी का निधन हो गया है, तो उसका नाम हटा दिया जाता है अगर कोई कहीं और चला गया है क्योंकि किसी भी व्यक्ति का दो जगहों पर नाम नहीं हो सकता और अगर कोई संविधान के तहत नागरिक नहीं है, तो उसका नाम भी सूची में होने पर उसे हटा दिया जाता है।”