SGSU Advertisement
Home राजनीति फेक सर्वे के जरिए बसपा को कमजोर दिखाने की साजिश, विरोधियों के...

फेक सर्वे के जरिए बसपा को कमजोर दिखाने की साजिश, विरोधियों के दुष्प्रचार से सावधान रहें : मायावती

0
4

लखनऊ, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। बहुजन समाज पार्टी (बसपा) की राष्ट्रीय अध्यक्ष मायावती ने उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर कथित फेक सर्वे और सर्वेक्षणों के प्रचार पर सवाल उठाए हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जातिवादी मीडिया और सोशल मीडिया धनबल का दुरुपयोग कर षडयंत्र के तहत बसपा को कमजोर दिखाने और लोगों का ध्यान भटकाने का प्रयास कर रहे हैं। मायावती ने पार्टी कार्यकर्ताओं और बहुजन समाज के लोगों से ऐसे दुष्प्रचार से सावधान रहने तथा प्रदेश में पांचवीं बार बसपा की सरकार बनाने के लिए पूरी ताकत से जुटने की अपील की।

मायावती ने शनिवार को कहा कि उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड और पंजाब में होने वाले आगामी विधानसभा आम चुनावों के लिए पार्टी अच्छे और दमदार उम्मीदवारों के चयन सहित जमीनी तैयारियों में जुटी है। इसी बीच जातिवादी मीडिया और सोशल मीडिया द्वारा षड्यंत्र के तहत धनबल के दुरुपयोग के सहारे फेक और ध्यान भटकाने वाले सर्वेक्षणों का मिथ्या प्रचार शुरू कर दिया गया है। इसमें स्वाभाविक तौर पर बहुजन समाज पार्टी (बसपा) को निशाना बनाया जाना अति दुखद और दुर्भाग्यपूर्ण है।

उन्होंने कहा कि यह कड़वी वास्तविकता है कि जातिवादी मीडिया द्वारा चुनाव के दौरान बसपा के विरुद्ध हमेशा ही मिथ्या और अनर्गल प्रचार किया जाता है। फेक और प्रायोजित सर्वेक्षणों में पार्टी को हमेशा कम और कमजोर करके आंका जाता रहा है। मायावती ने कहा कि वर्ष 2007 में भी मीडिया का बर्ताव ऐसा ही जातिवादी और द्वेषपूर्ण रहा था जबकि बसपा ने तमाम लोगों के कयासों और उम्मीदों को गलत साबित करते हुए पूर्ण बहुमत की सरकार बनाई थी। इसके बाद उत्तर प्रदेश में सबके साथ न्याय करने के लिए ‘कानून द्वारा कानून का राज’ कायम करने के साथ ही ‘सर्वजन हिताय व सर्वजन सुखाय’ के नए संवैधानिक कल्याणकारी युग की शुरुआत हुई थी।

उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले समाजवादी पार्टी और अब भाजपा के शासन से त्रस्त सर्व समाज खासकर बहुजन समाज के लोगों को विरोधी पार्टियों और जातिवादी तत्वों के साम, दाम, दंड, भेद जैसे हथकंडों से सावधान रहना चाहिए। मायावती ने अपील की कि लोग सभी प्रकार के मिथ्या प्रचार और दुष्प्रचार से सतर्क रहें तथा उनके नेतृत्व में उत्तर प्रदेश में पांचवीं बार बसपा की सरकार बनाने के लिए पूरे जी-जान से लगातार जुटे रहें। उन्होंने कहा कि इसी में सबका हित निहित और सुरक्षित है।

–आईएएनएस

विकेटी/पीएम