SGSU Advertisement
Home राजनीति राहुल गांधी के सवालों से भाजपा में बेचैनी, परिसीमन पर सर्वदलीय बैठक...

राहुल गांधी के सवालों से भाजपा में बेचैनी, परिसीमन पर सर्वदलीय बैठक बुलाए सरकार: कांग्रेस

0
5

नई दिल्ली 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। कांग्रेस नेताओं ने चुनाव आयोग, केंद्र सरकार और उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कई मुद्दों पर सवाल उठाए हैं। दिल्ली में कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने केंद्रीय मंत्री जी. किशन रेड्डी के बयानों पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि विपक्ष पर आरोप लगाने के बजाय सरकार को उसके सवालों का जवाब देना चाहिए। वहीं, परिसीमन के मुद्दे पर उन्होंने सरकार से सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की। दूसरी ओर, कांग्रेस नेताओं ने उत्तर प्रदेश में भ्रष्टाचार और विकास कार्यों की गुणवत्ता तथा चुनाव आयोग की निष्पक्षता पर भी सवाल उठाए।

कांग्रेस सांसद सुखदेव भगत ने कहा कि राहुल गांधी ने चुनाव आयोग से जुड़े मुद्दों पर सवाल उठाकर सरकार की दुखती रग पर हाथ रखा है। जब भी राहुल गांधी चुनाव आयोग को लेकर सवाल उठाते हैं, भाजपा के नेता प्रेस कॉन्फ्रेंस करके बचाव में उतर आते हैं।

भगत ने कहा कि भाजपा नेताओं की प्रतिक्रिया से हताशा और बेचैनी झलकती है। उन्होंने कहा कि सरकार को विपक्ष पर आरोप लगाने के बजाय उसके सवालों का जवाब देना चाहिए। लोकतंत्र में विपक्ष का काम सरकार से सवाल पूछना है और सत्ता पक्ष को उन सवालों का जवाब देना चाहिए।

कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रस्तावित परिसीमन योजनाओं पर चर्चा के लिए प्रधानमंत्री को पत्र लिखे जाने के मुद्दे पर भी सुखदेव भगत ने कहा कि परिसीमन जैसे महत्वपूर्ण विषय का देश की राजनीति पर व्यापक प्रभाव पड़ सकता है। इसलिए सरकार को इस पर आगे बढ़ने से पहले सर्वदलीय बैठक बुलानी चाहिए।

भगत ने कहा कि विपक्ष देश की लगभग 60 प्रतिशत आबादी का प्रतिनिधित्व करता है। उन्होंने कहा कि इतने बड़े वर्ग का प्रतिनिधित्व करने वाले दलों को चर्चा से अलग रखकर कोई बड़ा फैसला लेना उचित नहीं होगा। उन्होंने सरकार से विपक्ष के विचारों का सम्मान करने और संसद में संबंधित विधेयक पेश करने से पहले सभी दलों से चर्चा करने की अपील की।

लखनऊ में कांग्रेस प्रवक्ता सुरेंद्र राजपूत ने उत्तर प्रदेश की भाजपा सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि राज्य में डबल इंजन और ट्रिपल इंजन सरकारें विकास के मोर्चे पर विफल साबित हो रही हैं। उन्होंने प्रदेश में जलभराव, एक्सप्रेसवे पर गड्ढों और निर्माण कार्यों की लागत को लेकर सवाल उठाए। राजपूत ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार में भ्रष्टाचार चरम पर है और आम लोगों की समस्याओं को गंभीरता से नहीं सुना जा रहा है। उन्होंने एक्सप्रेसवे परियोजनाओं की लागत की तुलना करते हुए भी सरकार से जवाब मांगा।

मुंबई में कांग्रेस नेता हुसैन दलवई ने कहा कि लोगों का चुनाव आयोग पर भरोसा कम हुआ है। उन्होंने आरोप लगाया कि आयोग सरकार के निर्देशों के अनुसार काम करता दिखाई देता है। दलवई ने यह भी आरोप लगाया कि मौजूदा सरकार उन संस्थाओं को कमजोर कर रही है, जिन्हें देश के पहले प्रधानमंत्री जवाहरलाल नेहरू के कार्यकाल में स्थापित किया गया था।