SGSU Advertisement
Home राजनीति ‘भव्य’ योजना: सांबा में 671 कनाल भूमि उद्योग एवं वाणिज्य विभाग को...

‘भव्य’ योजना: सांबा में 671 कनाल भूमि उद्योग एवं वाणिज्य विभाग को सौंपने की मंजूरी गई

0
4

श्रीनगर, 17 अक्टूबर (आईएएनएस)। जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला ने शनिवार को कहा कि केंद्र शासित प्रदेश में औद्योगिक बुनियादी ढांचे को बड़ा बढ़ावा देते हुए सरकार ने ‘भव्य’ योजना के तहत सांबा में 671 कनाल जमीन उद्योग एवं वाणिज्य विभाग को सौंपने की मंजूरी दी है। इस जमीन पर अत्याधुनिक ‘प्लग एंड प्ले’ औद्योगिक पार्क बनाया जाएगा।

‘भारत औद्योगिक विकास योजना’ (भव्य) का उद्देश्य ऐसा बुनियादी ढांचा तैयार करना है जो इस्तेमाल के लिए पूरी तरह तैयार हो। इसमें भरोसेमंद सेवाएं और आसान मंजूरी प्रक्रिया शामिल है, ताकि उद्यम अपना कामकाज तेजी से शुरू कर सकें।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से निवेश आकर्षित होगा, स्थानीय एमएसएमई मजबूत होंगे और उद्यमिता को बढ़ावा मिलेगा। इससे क्षेत्रीय विकास में संतुलन आएगा और जम्मू-कश्मीर के युवाओं के लिए रोजगार के अवसर पैदा होंगे।

इससे पहले उमर अब्दुल्ला ने प्रधानमंत्री मोदी और कौशल विकास एवं उद्यमिता मंत्री जयंत चौधरी का आभार व्यक्त किया। सीएम अब्दुल्ला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स कहा कि केंद्र सरकार ने जम्मू-कश्मीर के प्रमुख आईटीआई क्लस्टरों के उन्नयन के लिए पीएम-एसईटीयू के तहत 475.41 करोड़ रुपए की रणनीतिक निवेश योजनाओं (एसआईपी) को मंजूरी दी है।

उन्होंने कहा कि इस पहल के तहत, जम्मू आईटीआई क्लस्टर, जिसमें आईटीआई जम्मू मुख्य केंद्र है और आरएस पुरा, नौशेरा, सांबा और कठुआ इसके सहायक केंद्र हैं, का 240 करोड़ रुपए की एसआईपी के तहत उन्नयन किया जाएगा। इसी प्रकार, श्रीनगर आईटीआई क्लस्टर, जिसमें आईटीआई श्रीनगर मुख्य केंद्र है और गांदरबल, कंगन, बडगाम और चरार-ए-शरीफ इसके सहायक केंद्र हैं, का 235.41 करोड़ रुपए की एसआईपी के तहत आधुनिकीकरण किया जाएगा।

मुख्यमंत्री ने कहा कि इस पहल से प्रशिक्षण अवसंरचना का आधुनिकीकरण होगा, उद्योग संबंधों को मजबूती मिलेगी, और जम्मू-कश्मीर के युवाओं को रोजगार के लिए तैयार कौशल और बेहतर रोजगार के अवसर प्राप्त होंगे।