SGSU Advertisement
Home अपराध साहिबगंज में युवक ने पत्नी की गला रेतकर हत्या की, फिर खुद...

साहिबगंज में युवक ने पत्नी की गला रेतकर हत्या की, फिर खुद फांसी लगाकर दी जान

0
6

साहिबगंज, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। झारखंड के साहिबगंज जिले में रविवार सुबह एक नवविवाहित दंपति के शव मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। राधानगर थाना क्षेत्र के महेशबथान स्थित काशीनाथ मंडल टोला में एक युवक का शव फंदे से लटका मिला, जबकि उसकी पत्नी का शव कमरे में खून से लथपथ पड़ा था।

शुरुआती जानकारी के अनुसार, युवक ने धारदार हथियार से पत्नी की हत्या करने के बाद आत्महत्या कर ली। पुलिस मामले की जांच कर रही है। मृतकों की पहचान विक्रम साहा (26) और उसकी पत्नी मामुनि बसाक के रूप में हुई है। विक्रम फेरी लगाकर सामान बेचने का काम करता था। करीब छह महीने पहले उसने मनिहारी टोला की रहने वाली मामुनि से अंतरजातीय विवाह किया था।

पुलिस के अनुसार, घटना शनिवार रात की बताई जा रही है। हालांकि, दंपति के बीच विवाद की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। रविवार सुबह काफी देर तक कमरे का दरवाजा नहीं खुलने पर विक्रम के छोटे भाई प्रशांत साहा को शक हुआ। उसने दरवाजा खटखटाया, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद दरवाजा खोलकर देखने पर उसने विक्रम को फंदे से लटका पाया। कमरे में उसकी भाभी मामुनि का शव भी पड़ा था। यह दृश्य देखकर वह स्तब्ध रह गया।

घटना की सूचना मिलने पर राजमहल के अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी विमलेश कुमार त्रिपाठी और राधानगर थाना प्रभारी अमर कुमार मिंज पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। घटनास्थल की जांच के साथ मामले के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।

पुलिस के अनुसार, विक्रम अपने छोटे भाई के साथ राधानगर स्थित घर में रहता था। वह शंकर साहा की पहली पत्नी का बेटा था। उसके पिता अपनी दूसरी पत्नी के साथ धनबाद और पश्चिम बंगाल के जंगीपुर में रहकर फेरी का काम करते हैं। दंपति की मौत के पीछे की वजह का फिलहाल पता नहीं चल पाया है।