SGSU Advertisement
Home अपराध मुंबई के मलाड में गरबा विवाद को लेकर परिवार पर हमला, पीड़ित...

मुंबई के मलाड में गरबा विवाद को लेकर परिवार पर हमला, पीड़ित की पत्नी ने लगाए गंभीर आरोप

0
6

मलाड, 18 अक्टूबर (आईएएनएस)। मुंबई के मलाड इलाके के मालवणी स्थित अंबुजवाड़ी में गरबा से जुड़े विवाद को लेकर एक परिवार पर हमले का मामला सामने आया है। पीड़ित परिवार ने आरोप लगाया है कि उन पर लोहे की छड़ों से हमला किया गया, जिससे परिवार के मुखिया संजय दुबे गंभीर रूप से घायल हो गए। परिवार का कहना है कि उनकी शिकायत दर्ज नहीं की जा रही है, जबकि पुलिस मामले की जांच कर रही है।

पीड़ित की पत्नी रंजना दुबे ने आईएएनएस से बात करते हुए घटना की जानकारी दी। उन्होंने कहा, “हम 20 साल से यहां पर रह रहे हैं। इस दौरान तीन बार मेरे पति को मारने की कोशिश की गई। हाल में जो झगड़ा हुआ, उसमें रेहान, गोलू और अजय तीन मुस्लिम युवक थे, और जबरदस्ती घर में घुस गए। हमारे दो जेठ और एक लड़के को मारने लगे। उस दौरान मेरे पति बीच-बचाव करने गए, तो गोलू ने रॉड से हमला किया। वे बहुत दिनों से जान से मारने की कोशिश कर रहे हैं।”

रंजना दुबे ने बताया कि झगड़े की कोई बड़ी वजह नहीं थी। मंदिर के सामने गरबा हो रहा था, जिसे पुलिस ने नियमानुसार बंद कराया था, उसी को लेकर आरोपियों ने हमला कर दिया।

उन्होंने कहा, “झगड़े की कोई बात नहीं थी। मंदिर के सामने गरबा हो रहा था, जिसे पुलिस ने बंद कराया था। उसी वजह से उन्होंने हमला किया। उनके कृत्यों की वजह से कई हिंदू भाई इस इलाके से चले गए हैं। आरोपी हमें भी भगाना चाहते हैं। मेरे पति आईसीयू में भर्ती हैं। आरोपी हमें मजबूर कर रहे हैं कि इस इलाके में नहीं रहें।”

उन्होंने आगे आरोप लगाया, “हमला करने वाले मुसलमान हैं, लेकिन वे बार-बार हिंदू को आगे कर देते हैं। तीन बार पति पर हमला हो चुका है। पुलिस हमारी नहीं सुन रही है। पुलिस हमारा सहयोग नहीं कर रही है।”

वहीं, पीड़ित के पुत्र हर्ष दुबे ने कहा, “मेरे पिता पर कई बार हमला किया गया। इस बार जो हमला हुआ, उसका कारण यह था कि 20 साल से हर बार की तरह इस बार भी गरबा हो रहा था, 10 बजे नियमानुसार पुलिस ने आकर गरबा बंद करा दिया। इसके बाद आरोपियों ने पुलिस के साथ बहस की। मंदिर के सदस्यों के साथ गाली-गलौज की। जब आरोपियों ने मारपीट की तो मैंने तुरंत पुलिस को कॉल किया। लेकिन, पुलिस 40-45 मिनट बाद आई।”

हर्ष ने बताया कि उनके पिता करीब 30 घंटे तक आईसीयू में भर्ती रहे, उसके बाद उन्हें जनरल वार्ड में शिफ्ट किया गया। परिवार ने सरकार और पुलिस से सुरक्षा और न्याय की गुहार लगाई है।