बहराइच, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। शातिर एवं पेशेवर अपराधियों के खिलाफ कार्रवाई करते हुए बहराइच पुलिस ने सोमवार रात दो बदमाशों को अलग-अलग थाना क्षेत्रों से मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया है। दोनों बदमाश पुलिस की गोली से घायल हुए, जिन्हें अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस की गिरफ्त में आए दोनों बदमाशों की बहुत ही लंबी आपराधिक फेहरिस्त हैं।
पुलिस के मुताबिक, पहली मुठभेड़ बौंडी थाना क्षेत्र के खैरा बाजार के पास हुई, जहां कई मुकदमों का वांछित बदमाश जाबिर अपने साथी नसीम के साथ किसी बड़ी वारदात की फिराक में था। तभी मुखबिर की सूचना पर बौंडी पुलिस ने उसे घेर लिया। खुद को पुलिस से घिरा देखकर दोनों बदमाशों ने पुलिस पर फायर किया। इसके बाद पुलिस की तरफ से की गई जवाबी फायरिंग में जाबिर उर्फ जाकिर घायल हो गया, जबकि उसका साथी नसीम गाड़ी लेकर फरार हो गया। घायल जाबिर को गिरफ्त में लेने के बाद पुलिस ने नाकाबंदी कर फरार नसीम की तलाश शुरू की।
इसी बीच पुलिस को सूचना मिली कि जिस कार में दोनों साथी बदमाश सवार थे, वह कार नानपारा होते हुए नेपाल की तरफ भाग रही है। सूचना पर नानपारा पुलिस ने गाड़ी का पीछा किया। सुनसान जगह देखकर कार सवार नसीम ने पुलिस पर फायर कर दिया। पुलिस की तरफ से की गई जवाबी फायरिंग में नसीम के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पुलिस ने जाबिर और नसीम के पास से नकदी के साथ सोने-चांदी के जेवरात बरामद किए हैं।
एसपी विश्वजीत श्रीवास्तव ने आईएएनएस को बताया, “बहराइच में एक कॉम्बिंग ऑपरेशन चल रहा था। इसी दौरान रात करीब 10 बजे बौंडी थाना क्षेत्र में बौंडी के थाना प्रभारी और एसओजी टीम को सूचना मिली कि एक संदिग्ध, जो उसी दिन खैरीघाट से भाग निकला था, वहां चेकिंग लगाई गई, जिसके बाद पुलिस के साथ मुठभेड़ हो गई। इस दौरान गोलीबारी में जाबिर जाकिर को गोली लग गई, जबकि दूसरा व्यक्ति कार लेकर भाग निकला। इसके बाद लगातार चेकिंग शुरू की गई। नानपारा पुलिस को बजरिया मोड़ के पास सूचना मिली कि उसी नंबर से मिलती-जुलती एक कार देखी गई है। जब पुलिस ने वहां चेकिंग लगाई और संदिग्ध कार को रोकने की कोशिश की, तो ड्राइवर ने पुलिस पर गोली चला दी।”
उन्होंने बताया कि इसके जवाब में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई। इस गोलीबारी में नसीम वहीं गिर पड़ा, जिसे तुरंत अस्पताल ले जाया गया। नसीम पर 24 मुकदमे दर्ज हैं। गिरफ्तार किए गए बदमाशों का एक गैंग है, जिसने प्रदेश के विभिन्न जिलों में कई चोरियां की हैं।
