SGSU Advertisement
Home अंतर्राष्ट्रीय अमेरिकी और यूएई समकक्ष के साथ एस जयशंकर ने की त्रिपक्षीय बैठक

अमेरिकी और यूएई समकक्ष के साथ एस जयशंकर ने की त्रिपक्षीय बैठक

0
7

मुंबई, 20 अक्टूबर (आईएएनएस)। यूएई के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान, अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रूबियो और भारत के विदेश मंत्री एस जयशंकर ने मंगलवार को मुंबई में त्रिपक्षीय बैठक की। बैठक में ऊर्जा से लेकर वर्तमान घटनाक्रमों पर चर्चा की गई।

विदेश मंत्री एस जयशंकर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “यूएई के उप प्रधानमंत्री और विदेश मंत्री शेख अब्दुल्ला बिन जायद अल नाहयान और अमेरिकी विदेश सचिव मार्को रूबियो के साथ आज त्रिपक्षीय बैठक की। ऊर्जा, कनेक्टिविटी और वर्तमान हालात पर विचारों का आदान-प्रदान किया गया।”

वहीं, मार्को रूबियो ने भी अपनी पोस्ट में दो तस्वीरें साझा कर लिखा, “क्षेत्रीय ऊर्जा सुरक्षा पर चर्चा करने और हमारी साझा आर्थिक प्राथमिकताओं को आगे बढ़ाने के लिए भारतीय विदेश मंत्री एस जयशंकर और संयुक्त अरब अमीरात (यूएई) के विदेश मंत्री एबी जायद अल नाहयान के साथ मुलाकात करना बहुत अच्छा रहा।”

नाहयान सोमवार को दो दिवसीय आधिकारिक दौरे पर मुंबई पहुंचे और मंगलवार को एस जयशंकर के साथ अहम बैठक की। उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल के साथ द्विपक्षीय बैठक संपन्न हुई।

प्रतिनिधिमंडल को संबोधित करते हुए जयशंकर ने कहा कि एक दशक से अधिक के निरंतर सहयोग के बाद, भारत-यूएई संबंध आज एक व्यापक रणनीतिक साझेदारी के रूप में अपने वादे पर वास्तव में खरे उतर रहे हैं।

उन्होंने कहा, “इस वर्ष नेतृत्व स्तर पर असाधारण जुड़ाव देखने को मिला है। जनवरी में यूएई राष्ट्रपति शेख मोहम्मद का भारत दौरा, फरवरी में क्राउन प्रिंस शेख खालिद का एआई इम्पैक्ट समिट और ब्रिक्स समिट में भाग लेना, और मई में पीएम मोदी की यूएई की आठवीं यात्रा, हमारे रिश्तों की गहराई को दर्शाती है।”

रूबियो भी तीन दिवसीय दौरे पर भारत आए हैं। मंगलवार को वो पत्नी जेनेट के साथ मुंबई हवाई अड्डे पर उतरे। उनकी भी एस जयशंकर के साथ अहम द्विपक्षीय बैठक हुई। इसकी जानकारी दोनों ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के जरिए साझा की।

भारत के विदेश मंत्री ने लिखा, “हमने अपने संबंधों को और आगे बढ़ाने पर चर्चा की, जिसमें व्यापार, ऊर्जा, तकनीक, रक्षा और लोगों के बीच आपसी संबंधों पर विशेष ध्यान दिया गया। साथ ही, क्षेत्रीय घटनाक्रमों पर भी विचारों का आदान-प्रदान हुआ।”

तो रूबियो ने इसे अहम और सफल बैठक करार देते हुए लिखा, “मुंबई में, भारतीय विदेश मंत्री डॉ. एस. जयशंकर और मैंने एनर्जी सिक्योरिटी और डिफेंस कोऑपरेशन पर चर्चा की, साथ ही अमेरिका-भारत रणनीतिक साझेदारी को आगे बढ़ाने पर जोर दिया।”