चंडीगढ़, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। पंजाब की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स और काउंटर इंटेलिजेंस के संयुक्त अभियान में एक गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े दो लोगों को नवांशहर से गिरफ्तार किया गया है। पंजाब के डीजीपी गौरव यादव की ओर से इसकी पुष्टि की गई है।
पंजाब डीजीपी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा गया, “एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए पंजाब की एंटी-गैंगस्टर टास्क फोर्स (एजीटीएफ) ने काउंटर इंटेलिजेंस पंजाब के साथ मिलकर और एसबीएस नगर पुलिस के सहयोग से, नवांशहर से एक गैंगस्टर नेटवर्क से जुड़े दो लोगों को गिरफ्तार किया है। इनके पास से .30 कैलिबर की दो अत्याधुनिक पिस्तौलें और कारतूस बरामद किए गए हैं।”
डीजीपी की ओर से सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा गया, “शुरुआती जांच से पता चला है कि आरोपी विदेशों में बैठे अपने हैंडलर्स के संपर्क में थे। उन्हें एसबीएस नगर में कोर्ट में पेशी के दौरान एक विरोधी गैंग के सदस्य की हत्या करने का काम सौंपा गया था। समय रहते उनकी गिरफ्तारी से एक सुनियोजित हत्या की साजिश नाकाम हो गई।”
डीजीपी की ओर से आगे लिखा गया, “आरोपियों ने 3 अक्टूबर को लुधियाना में एक सरपंच की हत्या में भी अपनी संलिप्तता कबूल की है। इससे पता चलता है कि वे विदेशों में बैठे हैंडलर्स की ओर से रची गई ‘कॉन्ट्रैक्ट किलिंग’ से जुड़े हो सकते हैं। उनके व्यापक आपराधिक नेटवर्क और संबंधों का पता लगाने के लिए आगे की जांच जारी है। पंजाब पुलिस गैंगस्टर नेटवर्क को खत्म करने, संगठित अपराध को रोकने और पूरे पंजाब में शांति और सुरक्षा बनाए रखने के लिए प्रतिबद्ध है।”
इससे पहले एक अन्य मामले में डीजीपी की ओर से 21 अक्टूबर को भी नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी करने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ करने की जानकारी साझा की गई थी। एक्स पोस्ट में लिखा गया था, “एक बड़ी कामयाबी हासिल करते हुए, अमृतसर ग्रामीण पुलिस ने नशीले पदार्थों की तस्करी, अवैध हथियारों और विस्फोटकों की तस्करी करने वाले एक नेटवर्क का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने 7 आरोपियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से 1 हैंड ग्रेनेड, 2 पिस्तौल और 3.491 किलोग्राम हेरोइन बरामद की है।”
