SGSU Advertisement
Home राज्य 48वीं ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशंस कॉन्फ्रेंस-2026 का आयोजन 25 से 27 दिसंबर...

48वीं ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशंस कॉन्फ्रेंस-2026 का आयोजन 25 से 27 दिसंबर तक भुवनेश्वर में

0
20

‘नवगुंजरा – आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग में जनसंपर्क’ थीम पर होगा तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन

भोपाल : 22 अक्टूबर/ पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया (PRSI) द्वारा 48वीं ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशंस कॉन्फ्रेंस-2026 का आयोजन आगामी 25 से 27 दिसंबर 2026 तक भुवनेश्वर में किया जाएगा। PRSI भुवनेश्वर चैप्टर की मेजबानी में आयोजित होने वाले इस तीन दिवसीय राष्ट्रीय सम्मेलन की थीम ‘नवगुंजरा – आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग में जनसंपर्क’ होगी। पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजीत पाठक तथा भोपाल चैप्टर के अध्यक्ष श्री मनोज द्विवेदी ने बताया कि सम्मेलन में संस्कृति, जनसंपर्क, मीडिया कौशल विकास, जनसंचार, नैतिकता, उभरता भारत, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, प्रतिष्ठा प्रबंधन और आत्मनिर्भर भारत सहित विभिन्न विषयों पर केंद्रित व्याख्यान एवं विचार-विमर्श आयोजित किए जाएंगे। सम्मेलन में जनसंपर्क एवं संचार प्रतिनिधि, सरकारी कर्मचारी, आईटी, कॉरपोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व (सीएसआर) एवं मार्केटिंग विशेषज्ञ, शिक्षाविद, विज्ञापन विशेषज्ञ, पत्रकार, स्वयं सहायता समूहों के प्रतिनिधि, जनसंचार एवं जनसंपर्क के विद्यार्थी तथा डिजिटल मीडिया प्रोफेशनल्स सहित संबंधित क्षेत्रों के प्रतिनिधि शामिल हो सकेंगे।

‘नवगुंजरा – आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग में जनसंपर्क’ होगी थीम

48वीं ऑल इंडिया पब्लिक रिलेशंस कॉन्फ्रेंस-2026 की थीम ‘नवगुंजरा – आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के युग में जनसंपर्क’ रखी गई है। यह थीम ओडिशा की प्रसिद्ध सांस्कृतिक पहचान ‘नवगुंजरा’ से प्रेरित है, जो विभिन्न रूपों और तत्वों के एक साथ मिलकर एक समग्र स्वरूप बनाने का प्रतीक है। सम्मेलन में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस के बढ़ते प्रभाव के बीच मानव बुद्धिमत्ता, तकनीक, रचनात्मकता, नैतिकता, सांस्कृतिक समझ और संवेदनशीलता के बीच बेहतर समन्वय पर चर्चा की जाएगी। साथ ही तकनीक आधारित संचार के दौर में विश्वास, विश्वसनीयता और सकारात्मक प्रतिष्ठा निर्माण में जनसंपर्क की भूमिका पर भी विशेषज्ञ विचार साझा करेंगे।

पीआरएसआई नेशनल अवार्ड विभिन्न श्रेणियों में दिए जाएंगे

सम्मेलन के अवसर पर पीआरएसआई नेशनल अवार्ड विभिन्न श्रेणियों में प्रदान किए जाएंगे। इनमें हाउस जर्नल (हिंदी), हाउस जर्नल (अंग्रेजी), न्यूजलेटर (अंग्रेजी), न्यूजलेटर (हिंदी), ई-न्यूजलेटर, स्पेशल प्रेस्टीज पब्लिकेशन, कॉफी टेबल बुक, सस्टेनेबल डेवलपमेंट रिपोर्ट, एनुअल रिपोर्ट, सर्वश्रेष्ठ कम्युनिकेशन कैंपेन (आंतरिक जनसमूह), सर्वश्रेष्ठ कम्युनिकेशन कैंपेन (बाहरी जनसमूह), कॉरपोरेट वेबसाइट, कॉरपोरेट कैंपेन में सोशल मीडिया का सर्वश्रेष्ठ उपयोग, पब्लिक रिलेशंस इन एक्शन (केस स्टडी), प्रभावशाली इवेंट मैनेजमेंट, सर्वश्रेष्ठ जन-जागरूकता कार्यक्रम, कॉरपोरेट फिल्म (हिंदी), कॉरपोरेट फिल्म (अंग्रेजी) तथा जनसंपर्क एवं ब्रांडिंग के लिए सोशल मीडिया सहित विभिन्न श्रेणियां शामिल हैं।

इसके अलावा पब्लिक रिलेशन एजुकेशन के क्षेत्र में ‘मोस्ट वैल्यू ऐड पब्लिक रिलेशंस प्रोग्राम, आउटस्टैंडिंग पीआर मास कम्युनिकेशंस इंस्टीट्यूट/यूनिवर्सिटी, बेस्ट पब्लिक रिलेशंस/मास कम्युनिकेशन जर्नल, बेस्ट पब्लिक रिलेशंस/मास कम्युनिकेशन बुक, कॉरपोरेट सोशल रिस्पांसिबिलिटी के क्षेत्र में बेस्ट पीएसयू इंप्लीमेंटिंग सीएसआर, बेस्ट प्राइवेट सेक्टर ऑर्गेनाइजेशन इंप्लीमेंटिंग सीएसआर, बेस्ट सीएसआर प्रोजेक्ट फॉर चाइल्ड केयर, बेस्ट सीएसआर प्रोजेक्ट फॉर वुमेन डेवलपमेंट, आत्मनिर्भर भारत के तहत बेस्ट ऑर्गेनाइजेशंस एफर्ट्स फॉर प्रमोटिंग आत्मनिर्भर भारत, बेस्ट इंडिविजुअल्स एफर्ट्स फॉर स्किल डेवलपमेंट, बेस्ट पीआर प्रोग्राम फॉर प्रमोटिंग साइंस एंड टेक्नोलॉजी थ्रू स्टार्टअप के लिए अवार्ड दिए जाएंगे।

आत्मनिर्भर भारत, चिकित्सा, रक्षा और कौशल विकास के क्षेत्र में भी पुरस्कार

आत्मनिर्भर भारत के अंतर्गत आत्मनिर्भर भारत को बढ़ावा देने के लिए संगठनों के सर्वश्रेष्ठ प्रयास, कौशल विकास के लिए व्यक्तियों के सर्वश्रेष्ठ प्रयास तथा स्टार्टअप के माध्यम से विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी को बढ़ावा देने वाले सर्वश्रेष्ठ जनसंपर्क कार्यक्रम के लिए पुरस्कार दिए जाएंगे।

चिकित्सा एवं स्वास्थ्य देखभाल के क्षेत्र में चिकित्सा एवं स्वास्थ्य को बढ़ावा देने के लिए उत्कृष्ट पहल तथा इस दिशा में उत्कृष्ट शोध प्रयासों को सम्मानित किया जाएगा। रक्षा क्षेत्र में नए अनुसंधान एवं विकास प्रयासों, नए उत्पादों एवं तकनीकों के विकास के लिए नवाचारपूर्ण पहल तथा रक्षा क्षेत्र में मेक इन इंडिया को प्रोत्साहित करने वाले उल्लेखनीय प्रयासों के लिए पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे।

कौशल विकास के क्षेत्र में सरकारी विभागों एवं मंत्रालयों, सार्वजनिक उपक्रमों तथा निजी क्षेत्र द्वारा संचालित सर्वश्रेष्ठ कौशल विकास कार्यक्रमों और सर्वश्रेष्ठ प्रशिक्षण कार्यक्रम को पुरस्कृत किया जाएगा। विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में इसे बढ़ावा देने वाली सर्वश्रेष्ठ पहल तथा अनुसंधान एवं विकास प्रयासों को भी सम्मानित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त भारत रत्न श्री अटल बिहारी वाजपेयी नेशनल अवेयरनेस कैंपेन अवार्ड तथा श्री पुष्पेंद्र पाल सिंह मास कम्युनिकेशन एंड पीआर टीचर ऑफ द ईयर अवार्ड के लिए भी चयन किया जाएगा।

जनसंपर्क एवं संचार क्षेत्र की राष्ट्रीय स्तर की संस्था है पीआरएसआई

गौरतलब है कि पब्लिक रिलेशंस सोसाइटी ऑफ इंडिया जनसंपर्क एवं संचार के क्षेत्र में विभिन्न संगठनों में कार्य करने वाले प्रोफेशनल्स की एक राष्ट्रीय स्तर की लगभग 70 वर्ष पुरानी संस्था है। इस संस्था के पूरे देश में अहमदाबाद, आइजोल, भोपाल, भुवनेश्वर, चंडीगढ़, चेन्नई, दिल्ली, देहरादून, गुवाहाटी, हैदराबाद, जयपुर, कोलकाता, लखनऊ, मुंबई, नागपुर, रांची, सिंगरौली, शिमला, तिरुपति, वाराणसी, विशाखापत्तनम, जम्मू, अमरावती और वर्धा सहित विभिन्न शहरों में चैप्टर कार्यरत हैं।