SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय बीएसएफ ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर अमर प्रहरियों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

बीएसएफ ने राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर अमर प्रहरियों को दी भावभीनी श्रद्धांजलि

0
5

नई दिल्ली, 22 अक्टूबर (आईएएनएस)। सीमा सुरक्षा बल (बीएसएफ) ने गुरुवार को राष्ट्रीय पुलिस स्मारक, नई दिल्ली में राष्ट्र की सुरक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अपने अमर प्रहरियों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर बीएसएफ के महानिदेशक प्रवीण कुमार के नेतृत्व में अधिकारियों, अधीनस्थ अधिकारियों, जवानों और उनके परिजनों ने वीर बलिदानियों को नमन किया।

बीएसएफ के आधिकारिक ‘एक्स’ हैंडल पर पोस्ट करते हुए इस समारोह की जानकारी दी गई। पोस्ट में बताया गया कि आज का दिन वीर बलिदानियों के त्याग और शौर्य को याद करने का दिन था।

समारोह के दौरान महानिदेशक प्रवीण कुमार और बीएसएफ वाइव्स वेलफेयर एसोसिएशन (बावा) की अध्यक्ष ऋचा झा ने वीर बलिदानियों के आमंत्रित परिजनों से आत्मीय मुलाकात की। उन्होंने परिजनों का कुशल क्षेम जाना और उन्हें यह भरोसा दिलाया कि पूरा प्रहरी परिवार हर समय, हर कदम पर उनके साथ खड़ा है।

बीएसएफ ने अपने संदेश में कहा, “वीर बलिदानियों के त्याग के पुण्य स्मरण के साथ उनके पराक्रम, शौर्य और कर्तव्यनिष्ठा को भी प्रेरणास्वरूप याद किया गया और किया जाता रहेगा।”

समारोह को गरिमामय बनाने के लिए स्मृति परेड का आयोजन किया गया। परेड की टुकड़ी ने बैंड के साथ उपस्थित जनसमूह को वीर बलिदानियों को श्रद्धांजलि अर्पित करने और उन्हें वीरोचित सम्मान देने में अगुवाई की। बीएसएफ के ब्रास और पाइप बैंड की हृदयस्पर्शी प्रस्तुतियों ने समारोह को और भी भावपूर्ण बना दिया।

पूरा आयोजन ध्वजावतरण के साथ संपन्न हुआ। यह आयोजन राष्ट्र के वीर सपूतों के प्रति कृतज्ञता और सम्मान का प्रतीक रहा।

राष्ट्रीय पुलिस स्मारक पर हर साल 21 अक्टूबर को पुलिस स्मृति दिवस मनाया जाता है, लेकिन बीएसएफ ने 22 अक्टूबर को अपने स्तर पर विशेष श्रद्धांजलि कार्यक्रम आयोजित किया। इस दौरान उन सभी जवानों को याद किया गया, जिन्होंने सीमा पर देश की रक्षा करते हुए अपने प्राण न्यौछावर कर दिए।