SGSU Advertisement
Home मनोरंजन स्टॉकहोम में स्टीवी वंडर का जादू देख भावुक हुए अनुपम खेर, बैकस्टेज...

स्टॉकहोम में स्टीवी वंडर का जादू देख भावुक हुए अनुपम खेर, बैकस्टेज मुलाकात को बताया अविस्मरणीय

0
8

मुंबई, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)। अभिनेता अनुपम खेर हाल ही में स्टॉकहोम में सिंगर स्टीवी वंडर का परफॉर्मेंस देखने गए थे। इसके साथ ही, उन्होंने गायक से बैकस्टेज मुलाकात भी की थी। अभिनेता ने इस मुलाकात को अविस्मरणीय बताया।

अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर अपना अनुभव शेयर करते हुए बताया कि उन्होंने हाल ही में ‘वंडर्स ऑफ वंडर्स – एन इवनिंग विद स्टीवी वंडर’ का कॉन्सर्ट अटेंड किया था। उन्होंने अपनी इस पोस्ट के जरिए कहा कि गायक ने अपने सुरों से एरिना को जादू से भर दिया था।

अभिनेता ने लिखा, “कल शाम स्टॉकहोम में क्या ही शानदार शाम थी। एक के बाद एक गाना और स्टीवी वंडर के हर सुर के साथ पूरा एरिना जादू से भर गया। मुझे नहीं लगता कि मैं बता पाऊंगा कि उन्हें इतने करीब से परफॉर्म करते हुए देखना कैसा लगा।”

अभिनेता ने आगे बताया कि म्यूजिक, लय, हाव-भाव और परफॉर्मेंस की बारीकियों ने इसे एक यादगार अनुभव बना दिया। म्यूजिक लेजेंड से बैकस्टेज मिलने के पल को याद करते हुए अनुपम ने कहा कि वह सिर्फ एक दिग्गज सिंगर से नहीं, बल्कि एक नेकदिल इंसान से मिले, जिनकी दयालुता और गर्मजोशी ने उन पर गहरी छाप छोड़ी।

अनुपम ने यह भी बताया कि एक एक्टर के तौर पर स्टीवी वंडर ने जिस तरह उनकी तारीफ की, उससे वह काफी भावुक हो गए। अभिनेता ने लिखा, “जिस तरह से उन्होंने एक एक्टर के तौर पर मेरी तारीफ की, वह दिल को छू लेने वाला था। मैं वहां से आभारी और विनम्र महसूस करते हुए निकला और यह याद करते हुए कि सच्ची महानता में एक नरमी होती है। स्टारडम आता-जाता रहता है, लेकिन दयालुता और शालीनता हमेशा साथ रहती है।”

इस अनुभव को अविस्मरणीय बताते हुए अनुपम ने लिखा, “अपने दोस्त ब्रायन लारोडा (स्टीवी के मैनेजर) का दिल से शुक्रिया। उन्होंने न सिर्फ हमारे लिए शानदार सीटों का इंतजाम किया, बल्कि अविस्मरणीय मुलाकात को मुमकिन भी बनाया। मैं हमेशा इस संगीत, शाम और उस पल की गर्मजोशी को संजोकर रखूंगा। कुछ सितारे जीवनभर चमकते हैं। कुछ, हीरे की तरह, हमेशा के लिए होते हैं।”