SGSU Advertisement
Home राजनीति राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण का मतदान शुरू, कई पंचायतों...

राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण का मतदान शुरू, कई पंचायतों में वोटिंग जारी

0
4

डूंगरपुर/झालावाड़, 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। राजस्थान में पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण के तहत शनिवार को डूंगरपुर जिले की सात पंचायत समितियों में सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान शुरू हो गया। शनिवार सुबह 7 बजे मतदान शुरू होते ही वोटर अपने मताधिकार का प्रयोग करने के लिए मतदान केंद्रों पर पहुंचने लगे। मतदान से पहले सभी केंद्रों पर मॉक पोल कराया गया। दिन चढ़ने के साथ मतदान में तेजी आने की उम्मीद है।

डूंगरपुर जिले की सागवाड़ा, सीमलवाड़ा, पाडवा, गलियाकोट, भंडारी, झोंथरी और चिखली पंचायत समितियों की 233 ग्राम पंचायतों में से 232 में चुनाव हो रहे हैं। इन पंचायतों में सरपंच पद के लिए 1,462 प्रत्याशी मैदान में हैं। वहीं, 1,877 वार्ड पंच पदों में से 1,870 पदों के लिए मतदान कराया जा रहा है। पहले चरण में कुल 5,21,601 मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। प्रत्येक मतदाता सरपंच और वार्ड पंच के लिए अलग-अलग वोट डालेगा।

भंडारी पंचायत समिति की ग्राम पंचायत रामसोर जूना में सरपंच से लेकर सभी वार्ड पंच निर्विरोध चुने जा चुके हैं। गांव के लोगों ने आपसी सहमति से जयंतीलाल को निर्विरोध सरपंच चुना है। इसके साथ ही ग्राम पंचायत के सभी सात वार्ड पंच भी निर्विरोध घोषित किए गए हैं। ऐसे में यहां सरपंच और वार्ड पंच पदों के लिए मतदान नहीं हो रहा है। अब केवल उपसरपंच का चुनाव होना है, जिसके भी निर्विरोध होने की संभावना जताई जा रही है।

जिले की 232 ग्राम पंचायतों में कुल 596 मतदान केंद्रों पर मतदान कराया जा रहा है। इनमें से 108 केंद्रों को संवेदनशील और अतिसंवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इन केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए सशस्त्र पुलिस के जवान तैनात किए गए हैं। सभी मतदान केंद्रों के प्रवेश द्वार पर ट्राइपॉड के माध्यम से मतदाताओं की आवाजाही और अन्य गतिविधियों पर नजर रखी जा रही है।

प्रवीण सिंह राणावत ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि हमारे यहां सरपंच ने कोई काम नहीं कराया है, जिससे लोगों को परेशानी होती है। कई कामों के बिल भी पास हो चुके है लेकिन अभी तक काम नहीं हुआ है।

वहीं, झालावाड़ जिले में भी पंचायतीराज चुनाव के पहले चरण के तहत भवानी मंडी, डग, अकलेरा और मनोहर थाना क्षेत्रों में मतदान शुरू हो गया है। यहां 128 ग्राम पंचायतों में सरपंच पद के लिए कुल 747 प्रत्याशी चुनाव मैदान में हैं। मतदान केंद्रों पर सुबह से ही मतदाताओं की आवाजाही शुरू हो गई है। प्रशासन की ओर से शांतिपूर्ण मतदान कराने के लिए आवश्यक व्यवस्थाएं की गई हैं।