SGSU Advertisement
Home राजनीति खड़गे के विवादित बयान पर भड़के भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, कांग्रेस...

खड़गे के विवादित बयान पर भड़के भाजपा शासित राज्यों के मुख्यमंत्री, कांग्रेस अध्यक्ष से की माफी की मांग

0
14

नई दिल्ली, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार की राजधानी पटना में एक कार्यक्रम में कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए विवादित बयान पर सियासी बयानबाजी तेज हो गई है। इसी क्रम में अब उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से लेकर उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी समेत कई राज्यों के मुख्यमंत्रियों ने मल्लिकार्जुन खड़गे को आड़े हाथों लिया है। सभी ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए राष्ट्रीय अध्यक्ष पर कठोर कार्रवाई और देश से क्षमा मांगने की मांग की।

सीएम योगी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”भारतीय राजनीति में ‘अपशब्द’ का पर्याय बन चुकी कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष द्वारा विश्व के सबसे लोकप्रिय राजनेता और भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दिवंगत पिता के प्रति की गई अमर्यादित टिप्पणी अक्षम्य और घोर निंदनीय है। यह 145 करोड़ भारतवासियों की भावनाओं का अपमान है। भारतीय लोकतंत्र को शर्मसार करता यह कृत्य कांग्रेस की हताशा, निराशा, कुंठा और वैचारिक दिवालियापन का प्रमाण है। कांग्रेस को अविलंब अपने राष्ट्रीय अध्यक्ष पर कठोर कार्रवाई करते हुए पूरे देश से क्षमा मांगनी चाहिए।”

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, ”कांग्रेस की राजनीति अब जनहित के मुद्दों से भटककर व्यक्तिगत अपमान और मर्यादाओं के उल्लंघन तक सिमट गई है। कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के पिता को लेकर की गई कथित अभद्र टिप्पणी कांग्रेस की राजनीतिक संस्कृति पर गंभीर सवाल खड़े करती है। कभी प्रधानमंत्री मोदी की पूज्य माता जी का अपमान, कभी उन्हें ‘मौत का सौदागर’ कहना और कभी ‘चायवाला’ कहकर उनकी साधारण पारिवारिक पृष्ठभूमि का उपहास उड़ाना। आखिर कांग्रेस की राजनीति कब तक व्यक्तिगत अपमान और अमर्यादित टिप्पणियों के सहारे चलती रहेगी? लगातार चुनावी पराजयों के बावजूद कांग्रेस ने जनहित के मुद्दों पर आत्ममंथन करने के बजाय व्यक्तिगत टिप्पणियों को ही अपनी राजनीति का आधार बना लिया है। लोकतंत्र में राजनीतिक विरोध का स्थान है, लेकिन किसी के माता-पिता और परिवार को निशाना बनाना किसी भी स्थिति में स्वीकार्य नहीं हो सकता।”

दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कांग्रेस अध्यक्ष को निशाने पर लेते हुए लिखा, ”मल्लिकार्जुन खड़गे जी, ऐसी घटिया भाषा कांग्रेस के नैतिक और वैचारिक पतन की पराकाष्ठा है। कांग्रेस की समस्या सिर्फ मोदी जी से नहीं है। उसकी असली समस्या उस आम भारतीय से है, जिसने वंशवाद का सिंहासन हिलाकर एक साधारण परिवार के बेटे को देश का प्रधानमंत्री बनाया। यही सच कांग्रेस का दरबारी अहंकार आज तक स्वीकार नहीं कर पाया है। खड़गे, देश का आम नागरिक अपने वोट की ताकत भी जानता है और अपना भविष्य भी। उसे पूर्ण विश्वास है कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। याद रखिए, प्रधानमंत्री के परिवार पर अभद्र टिप्पणी करना राजनीतिक साहस नहीं, वैचारिक दरिद्रता है।”

मध्य प्रदेश के सीएम मोहन यादव ने एक्स पोस्ट में लिखा, ”प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के परिवार का कांग्रेस नेताओं द्वारा निरंतर अपमान किया जा रहा है। आज फिर कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने प्रधानमंत्री के पूज्य पिता के प्रति अमर्यादित एवं घोर निंदनीय वक्तव्य दिया है, जो लोकतांत्रिक व्यवस्था में पद की गरिमा को तार-तार करने वाला है। कांग्रेस के नेता लगातार ऐसी घटिया बयानबाजी करके देश में अराजकता फैलाने का प्रयास कर रहे हैं। लेकिन उनकी इस विकृत और सामंती मानसिकता को देश की जनता भली-भांति समझ चुकी है। यही कारण है कि पिछले एक दशक से अधिक समय से जनता उन्हें लगातार करारी शिकस्त दे रही है।”

वहीं, असम के मुख्यमंत्री हिमंता विस्वा सरमा ने कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे पर तंज कसा। उन्होंने पटना में आयोजित कांग्रेस की बैठक को लेकर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा, “इस बैठक में एक ही समझदार कांग्रेसी था, जिसने हिम्मत दिखाकर खड़गे जी के ख्याली पुलाव को पकड़ा। और बाकी कांग्रेसियों ने मिलके उस एकमात्र समझदार कांग्रेसी को पीटा। और यह लोग चुनाव आयोग पर सवाल उठाते हैं।”