SGSU Advertisement
Home राजनीति गायत्रीधाम जामली में सीएम मोहन यादव ने विद्यार्थियों से किया संवाद, नशामुक्ति...

गायत्रीधाम जामली में सीएम मोहन यादव ने विद्यार्थियों से किया संवाद, नशामुक्ति का दिया संदेश

0
6

बड़वानी, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश में बड़वानी जिले के गायत्रीधाम जामली, कलालदा में शरद पूर्णिमा के अवसर पर आयोजित शरद उत्सव में मुख्यमंत्री मोहन यादव शामिल हुए। इस दौरान उन्होंने विद्यार्थियों से ‘विकसित भारत का आधार’ विषय पर बाल संवाद किया और उन्हें शिक्षा, खेल, कला, संस्कार तथा राष्ट्र निर्माण में योगदान देने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश, महाराष्ट्र और गुजरात सहित विभिन्न क्षेत्रों से बड़ी संख्या में गायत्री परिवार के सदस्य शामिल हुए।

बाल संवाद के दौरान मुख्यमंत्री ने विद्यार्थियों के साथ चर्चा की। संवाद में भाग लेने वाले प्रत्येक विद्यार्थी को मुख्यमंत्री स्वेच्छानुदान मद से 10-10 हजार रुपये की प्रोत्साहन राशि देने की घोषणा की। उन्होंने नीट-2026 में चयनित छात्र रोहित बामनिया की सराहना करते हुए कहा कि चिकित्सक बनने के बाद उन्हें समाज और देश की सेवा करनी चाहिए। साथ ही अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत और लगन से अपने लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रेरित किया। मुख्यमंत्री ने उच्च शिक्षा के लिए पात्र विद्यार्थियों को शासकीय एवं निजी महाविद्यालयों में फीस संबंधी सहायता उपलब्ध कराने की जानकारी भी दी।

मुख्यमंत्री ने राष्ट्रीय कला उत्सव में शास्त्रीय संगीत के एकल गायन में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाली छात्रा आराधना तरोले की प्रस्तुति की सराहना की। वहीं, राष्ट्रीय शालेय हाई जंप प्रतियोगिता में प्रथम स्थान हासिल करने वाली छात्रा साक्षी भागले को बधाई देते हुए उन्हें ओलंपिक और एशियाई खेलों में देश का प्रतिनिधित्व करने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में खेलों को बढ़ावा दिया जा रहा है। प्रदेश के खिलाड़ियों ने पांच स्वर्ण सहित कुल 11 पदक जीतकर उपलब्धि हासिल की है।

संवाद के दौरान मुख्यमंत्री मोहन यादव ने छात्रों को शासकीय विद्यालयों में स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब और जेईई-नीट की निःशुल्क तैयारी जैसी सुविधाओं के बारे में बताया। साथ ही उन्होंने समय प्रबंधन, नियमित योगासन, प्राणायाम और स्वाध्याय के महत्व के बारे में भी बताया।

शरद उत्सव के दौरान मुख्यमंत्री ने एकलव्य गुरुकुल के विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत मलखंब प्रदर्शन देखा। बच्चों ने अपनी शारीरिक क्षमता और कलाबाजियों से उपस्थित लोगों को प्रभावित किया। इसके बाद उन्होंने गौशाला का निरीक्षण किया।

मुख्यमंत्री मोहन यादव ने आदिवासी अंचल में नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान की सराहना की। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशभर में मादक पदार्थों, विशेषकर ड्रग्स के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि नशे की लत से पूरे परिवार प्रभावित होते हैं। इसलिए समाज के प्रत्येक व्यक्ति को नशे से दूर रहने का संकल्प लेना चाहिए। मुख्यमंत्री ने बताया कि प्रदेश सरकार ने 19 धार्मिक शहरों में शराबबंदी लागू की है।

कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे द्वारा पटना में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को लेकर दिए गए बयान पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने नाराजगी जताई। उन्होंने कहा कि खड़गे को अपने बयान के लिए तुरंत माफी मांगनी चाहिए। व्यक्तिगत द्वेष के आधार पर प्रधानमंत्री के दिवंगत पिता के बारे में अनुचित टिप्पणी देश बर्दाश्त नहीं करेगा।