अबूजा, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। नाइजीरिया और युगांडा ने आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप अफ्रीका रीजनल फाइनल 2027 में अपनी जगह सुनिश्चित कर ली है। दोनों टीमें आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप सब-रीजनल अफ्रीका क्वालीफायर ‘सी’ में क्रमशः पहले और दूसरे स्थान पर रहीं।
ये टीमें अफ्रीका रीजनल फाइनल में शामिल होंगी, जो आईसीसी मेंस टी20 वर्ल्ड कप 2028 के लिए क्वालीफिकेशन प्रक्रिया का हिस्सा है। इस रीजनल फाइनल प्रतियोगिता में तंजानिया, घाना, रवांडा और केन्या भी हिस्सा लेंगे, जो पहले दो सब-रीजनल क्वालीफायर से आगे बढ़कर आए हैं।
मेजबान नाइजीरिया इस टूर्नामेंट में अजेय रहा और अपने सभी पांचों मैच जीते, जबकि युगांडा चार जीत के साथ दूसरे स्थान पर रहा। हालांकि, आखिरी दिन एक-दूसरे का सामना करने से पहले ही दोनों टीमें क्वालीफाई कर चुकी थीं, लेकिन एनसीएफ ओवल 1 में हुए इस मुकाबले से शीर्ष स्थान तय होना था।
नाइजीरिया ने आखिरी गेंद पर रोमांचक जीत दर्ज करते हुए खिताब अपने नाम किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी नाइजीरियाई टीम 148 रन ही बना सकी, जिसमें आइजैक डानलाडी ने 47 रन का योगदान दिया। इसके जवाब में युगांडा के कप्तान रियाजत अली शाह ने 35 गेंदों पर 60 रन जड़ दिए, उनकी टीम को आखिरी ओवर में जीत के लिए सिर्फ 6 रनों की जरूरत रह गई, लेकिन नाइजीरिया ने अंतिम ओवर की शुरुआती 5 गेंदों पर केवल 3 सिंगल रन ही दिए, जिससे युगांडा को आखिरी गेंद पर जीत के लिए 3 रन और मैच टाई करने के लिए 2 रनों की जरूरत थी। रोमांच तब और बढ़ गया जब नाइजीरिया के तेज गेंदबाज विंसेंट एडेवोये चोटिल हो गए और अपना ओवर पूरा नहीं कर सके।
आखिरी गेंद फेंकने के लिए सिल्वेस्टर ओक्पे को लाया गया। इस गेंद पर जुमा मियागी दूसरा रन लेने की कोशिश में रन आउट हो गए, जिससे युगांडा खिताब जीतने से 1 रन दूर रह गया। यह टी20 इतिहास में नाइजीरिया की युगांडा के खिलाफ पहली जीत थी।
डैनलाडी को 223 रन बनाने और तीन कैच पकड़ने के लिए ‘प्लेयर ऑफ द सीरीज’ चुना गया। नाइजीरिया के सेलिम सलाऊ को 206 रन बनाने के लिए सर्वश्रेष्ठ बल्लेबाज का पुरस्कार मिला; उन्होंने गैम्बिया के खिलाफ एक शानदार शतक भी लगाया था।
युगांडा के एनोक कसाईजा ने 11 विकेट लेकर ‘सर्वश्रेष्ठ गेंदबाज’ का पुरस्कार जीता, जबकि गैम्बिया के बुबाकार कुयातेह को पांच कैच पकड़ने के लिए ‘सर्वश्रेष्ठ फील्डर’ चुना गया। शेष टीमों में, जाम्बिया नेट रन रेट के आधार पर मोजाम्बिक से आगे रहते हुए तीसरे स्थान पर रही, जबकि लेसोथो और गैम्बिया क्रमशः पांचवें और छठे स्थान पर रहे।
