नई दिल्ली, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने पंजाब में हो रही हत्याओं और भ्रष्टाचार को लेकर मान सरकार पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई है। उन्होंने कहा कि भाजपा ने प्रदेश को अपराधमुक्त, भयमुक्त और नशामुक्त करने का प्रण लिया है। भाजपा नेता ने प्रदेश में हो रही हत्याओं को लेकर प्रेस वार्ता के दौरान भगवंत मान सरकार पर अपराधियों को संरक्षण देने का आरोप लगाया।
भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता गौरव भाटिया ने कहा, “हम बहुत भारी मन से यह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे हैं। पंजाब में कानून-व्यवस्था पूरी तरह से चरमरा गई है। भगवंत मान ने पंजाब को ‘गुंडा राज’ और ‘जंगल राज’ का पर्याय बना दिया है। यह कहना गलत नहीं होगा कि ‘पापी आप’ जिसके मुखिया कट्टर बेईमान अरविंद केजरीवाल हैं, लगातार पाप कर रही है। अब ‘आप’ एक ‘अराजक अपराध पार्टी’ बन गई है। आप रोज अखबार खोलें या टीवी पर खबरें देखें, तो आपको पंजाब से अपराध की ही खबरें मिलेंगी, हत्याएं, ड्रग्स, आत्महत्याएं। भगवंत मान की सरकार अपराधियों और हत्यारों को संरक्षण देती है, जबकि पंजाब की आम जनता पीड़ित है और परेशान हो रही है।”
गौरव भाटिया ने कहा, “मैं आपके सामने पिछले 24 से 36 घंटों के दौरान दिनदहाड़े हुई हत्याओं की तीन दुखद रिपोर्ट रख रहा हूं। पहली घटना मोगा जिले की है, जहां दो लोगों की हत्या कर दी गई। हथियारों से लैस हमलावर बिना नंबर प्लेट वाली एक काली स्कॉर्पियो में आए और दो युवकों पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। इस घटना में दोनों युवकों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हो गए। ये रिपोर्टें पंजाब में कानून-व्यवस्था की बदतर हालत को दिखाती हैं। बिना नंबर वाली काली स्कॉर्पियो, अवैध हथियार और दिनदहाड़े फायरिंग, जिसमें दो लोगों की जान चली गई।”
उन्होंने सीएम भगवंत मान पर तंज कसते हुए कहा कि भगवंत मान नहीं, भागवंत मान कहना चाहिए। जहां जिम्मेदारी की बात आती है, वहां भाग जाते हैं। इसलिए भागवंत मान चुप्पी साधे हुए हैं। उन्होंने सवाल करते हुए कहा कि क्या मोगा हत्या मामले में एफआईआर लिखी गई, कौन सी धाराओं में है, कितनी गिरफ्तारियां हुई? क्या सीएम ने कुछ बोला है, इसका उत्तर है नहीं। ऐसे होते हैं भागवंत मान मुख्यमंत्री। मैं बड़े भारी मन से कहता हूं कि इनको विदेश यात्रा पर जाने का समय है, महंगी वस्तुएं खरीदने का समय है, लेकिन पंजाब की जनता, जिसकी सेवा भगवंत मान को करनी थी, उनकी हत्या की जा रही है और अराजक पार्टी का मुख्यमंत्री चुप है।
पटियाला जिले की दूसरी घटना का जिक्र करते हुए भाजपा नेता गौरव भाटिया ने कहा कि 27 साल के युवक का दिनदहाड़े अपहरण किया गया। पूरी घटना सीसीटीवी में दिखाई दे रही है। जब परिजनों ने कहा कि एफआईआर लिखी जाए और कार्रवाई हो। इस पर कोई कार्रवाई नहीं की गई। दुखद है कि इस युवक की लाश संगरूर इलाके में मिलती है, जो मुख्यमंत्री का जिला है। हत्यारों को संरक्षण देना, भगवंत मान की प्रवृत्ति बन गई है।
उन्होंने सवाल किया कि यह कैसे मुख्यमंत्री हैं कि जिस जिले से आते हैं, वहां पर हत्याएं हो रही हैं। और भगवंत मान कह रहे हैं कि वह फ्रांस जाएंगे। पंजाब के लोग प्रताड़ित किए जा रहे हैं।
भाजपा नेता ने इसी क्रम में तीसरी दुखद वारदात का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोग घर के अंदर घुसते हैं और युवक का हाथ काट देते हैं। आपराधिक प्रवृत्ति के लोगों का मनोबल आसमान छू रहा है। वहीं, पंजाब के आम नागरिक हत्यारों से थरथर कांप रहा है, क्योंकि भगवंत मान की सरकार आम जनता के साथ तो खड़ी होगी नहीं, यह अपराधियों के साथ खड़ी है।
गौरव भाटिया ने पीड़ित की तस्वीर साझा करते हुए कहा कि खबर आ रही है कि उस व्यक्ति ने दम तोड़ दिया है। उन्होंने कहा कि अपराधी कटे हुए हाथ को लेकर ग्रोसरी स्टोर जाते हैं और काम करने वाले से कहते हैं कि यह हाथ लिखे हुए पते पर पहुंचा देना। ऐसी खबर हमने कभी नहीं सुनी, मन दुखी है और जनता भयभीत। जानकारी मिली है कि इस घटना में सख्त कार्रवाई नहीं हुई है। प्रदेश में न एफआईआर लिखी जाती है और न ही अपराधियों की गिरफ्तारी होती है।
उन्होंने कहा कि जहां की धरती अपने शौर्य और वीरता के लिए जानी जाती थी, भगवंत मान उसे रक्तरंजित कर रहे हैं। इस दौरान भाजपा नेता ने कई अन्य हत्या की घटनाओं का जिक्र किया और कार्रवाई न होने का दावा किया। भाजपा नेता ने सवाल किया कि क्या इन हत्यारों के तार क्या अपराध पार्टी से जुड़े हैं? पापी आप के संयोजक अरविंद केजरीवाल मौन क्यों हैं? पंजाब में कई हत्याएं हो जाती हैं, नागरिक सवाल पूछते हैं और आप चुप्पी साधे रहते हैं। यह किस तरह का मिजाज है, अरविंद केजरीवाल बताइए हमें?
उन्होंने कहा कि मैं एक बात जरूर कहूंगा कि इस तरह की वारदात इसलिए हो रही है क्योंकि अराजक अपराध पार्टी पापी आप हत्यारों और अपराधियों के साथ मिली है। प्रदेश सरकार अपराधियों को संरक्षण दे रही है। इसीलिए अपराधियों का मनोबल बढ़ रहा है। बड़ी जिम्मेदारी से कहता हूं कि पंजाब की जनता ने मन बना लिया है। भाजपा ने प्रण लिया है और हम पंजाब को भयमुक्त करेंगे। हम पंजाब को अपराधमुक्त और नशामुक्त भी करेंगे।
