SGSU Advertisement
Home राजनीति लोगों ने सोच-विचार करके ही ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग...

लोगों ने सोच-विचार करके ही ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की : सौगत रॉय

0
10

कोलकाता, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। टीएमसी सांसद सौगत रॉय ने एनकाउंटर किलिंग से लेकर सियासी विवादों तक कई मुद्दों पर अपनी राय दी। उन्होंने पुलिस एनकाउंटर को फर्जी बताते हुए न्यायिक जांच की मांग की। बीते दिनों कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के बयान ने सियासी बवाल खड़ा कर दिया। इसे लेकर सौगत रॉय ने भारतीय जनता पार्टी को घेरते हुए कहा कि पार्टी बेवजह मुद्दा बना रही है।

सौगत रॉय ने कहा, “यह पुलिस द्वारा की गई एनकाउंटर किलिंग है। पुलिस ने भवानीपुर में भी ऐसा किया था और यहां भी ऐसा किया। मुझे लगता है कि इसकी न्यायिक जांच होनी चाहिए।”

मल्लिकार्जुन खड़गे की टिप्पणी को लेकर उन्होंने कहा कि कांग्रेस अध्यक्ष ने कोई विवादित बयान नहीं दिया था। ऐसा नहीं है कि उन्होंने पीएम मोदी के पिता के बारे में कुछ कहा हो। भाजपा इसे अनावश्यक रूप से मुद्दा बना रही है।

महुआ मोइत्रा के एक्स पोस्ट को लेकर सौगत रॉय ने कहा कि मैं महुआ मोइत्रा के पोस्ट पर टिप्पणी नहीं करना चाहता। जो उनके विचार हैं, वो उन्होंने साझा किया।

इंडिया ब्लॉक की रैली को लेकर उन्होंने कहा कि अखिल भारतीय राजनीतिक पार्टी कार्यक्रम करना चाहती है, तो उसके लिए भी स्थान होना चाहिए। इसके साथ ही व्यापारियों की भी अपनी जरूरतें हैं और उनका महत्व है। इस पर कोई विशेष आपत्ति नहीं होनी चाहिए। सोच-विचार करके ही लोगों ने ज्ञानेश कुमार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की थी।

पश्चिम बंगाल में सात नगर निगमों में चुनाव को लेकर उन्होंने कहा कि अभी तक कोई तैयारी नहीं हुई है, इसलिए मैं इसके बारे में कुछ नहीं बता सकता। मुझे जानकारी नहीं है।

पश्चिम बंगाल की उत्तर 24 परगना पुलिस ने दुष्कर्म और हत्या के मामले के आरोपी का एनकाउंटर किया है। इस कार्रवाई के दौरान एक पुलिस अधिकारी भी घायल हो गया। पुलिस से जुड़े सूत्रों ने बताया कि आरोपी को क्राइम सीन रीक्रिएशन के लिए सोमवार और मंगलवार की रात घटनास्थल पर ले जाया गया था।

सूत्रों के अनुसार, जब पुलिस टीम क्राइम सीन रिक्रिएशन के लिए पहुंची थी, वहां आरोपी ने रात में एक पुलिसकर्मी की बंदूक छीनी और फायरिंग कर दी। इसके बाद पुलिस ने जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी गंभीर रूप से घायल हो गया। उसे पास के सरकारी अस्पताल ले जाया गया, जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया।

बता दें कि सोमवार सुबह एक 17 वर्षीय नाबालिग का शव उसके रिश्तेदार के घर के पास मिला। उसके परिवार के आरोप के आधार पर आरोपी प्रह्लाद दास को पहले पूछताछ के लिए हिरासत में लिया गया और फिर गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी पीड़िता का रिश्तेदार था।