मुंबई, 27 अक्टूबर (आईएएनएस)। उदित नारायण और कुमार सानू पूरे 21 साल के लंबे अंतराल के बाद सनी देओल की आगामी फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ के ‘सुनियो जरा’ गाने के लिए फिर से साथ आए हैं। उदित नारायण ने इस कोलेबोरेशन को एक नॉस्टैल्जिया एक्सपीरियंस बताया।
‘सुनियो जरा’ एक फ्रेंडशिप एंथम (दोस्ती पर आधारित गाना) है। इस गाने में उदित नारायण और कुमार सानू के साथ गायक अनुपम अमोद ने भी अपनी आवाज दी है। आरएएचई द्वारा कंपोज किया गया और प्रिया सरैया द्वारा लिखा गया यह गाना फिल्म ‘सूर्या: अंत से आरंभ तक’ का पहला ट्रैक है।
गाने में सनी देओल और रवि किशन एक खूबसूरत रोड ट्रिप पर दिख रहे हैं, जो उनकी लंबे समय से चली आ रही दोस्ती की गर्मजोशी को दिखाता है। उनका सफर मस्ती भरे पलों, बातचीत और अपनों की यादों को कैप्चर करता है, जो उनके बीच के बॉन्ड को हाइलाइट करता है।
सालों बाद कुमार सानू के साथ अपने काम करने के अनुभव को शेयर करते हुए उदित नारायण ने कहा, “इतने सालों बाद कुमार सानू के साथ काम करना मेरे करियर के खूबसूरत चैप्टर को दोबारा जीने जैसा है। गाने में अनुपम अमोद की मौजूदगी एक फ्रेश एनर्जी लेकर आई और मुझे विश्वास है कि सुनने वालों को हर नोट में वह बॉन्ड महसूस होगा।”
कुमार सानू ने कहा, “यह गाना इसलिए खास है क्योंकि यह सिर्फ म्यूजिक के बारे में नहीं बल्कि दोस्ती, यादों और एक साथ आने की खुशी के बारे में है। मुझे खुशी है कि हम दर्शकों को कुछ दिल से निकला और टाइमलेस दे पाए।”
अनुपम अमोद ने कहा, “उदित नारायण और कुमार सानू के साथ इस कोलेबोरेशन का हिस्सा बनना मेरे लिए सम्मान की बात है। ‘सुनियो जरा’ में साथ और सफर के इमोशन्स हैं और मुझे गर्व है कि मैं इतने मीनिंगफुल ट्रैक को अपनी आवाज दे पाया।” सॉन्ग ‘सुनियो जरा’ जी म्यूजिक कंपनी के ऑफिशियल यूट्यूब चैनल और अलग-अलग म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म्स पर उपलब्ध है।
