भोपाल : 28 अक्टूबर/ प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस, शासकीय हमीदिया कला एवं वाणिज्य महाविद्यालय, भोपाल में 28 अक्टूबर 2026 को विश्व मानसिक स्वास्थ्य सप्ताह के अंतर्गत ‘मानसिक स्वास्थ्य–आशा की एक किरण’ विषय पर चित्र प्रदर्शनी एवं ‘मानसिक स्वास्थ्य एवं व्यक्तित्व विकास’ विषय पर विशेष व्याख्यान आयोजित किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि एवं वक्ता मध्यप्रदेश शासन में मुख्यमंत्री के उप सचिव श्री सुधीर कुमार कोचर (आईएएस) थे। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर चित्र प्रदर्शनी का उद्घाटन किया।
प्रदर्शनी में विद्यार्थियों ने मानसिक स्वास्थ्य, भावनात्मक संतुलन, सकारात्मक सोच और जीवन की चुनौतियों से उबरने में कला की भूमिका को दर्शाती प्रभावशाली कलाकृतियां प्रस्तुत कीं। इनका उद्देश्य विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता, संवेदनशीलता और सकारात्मक दृष्टिकोण विकसित करना था।
विशेष व्याख्यान में श्री कोचर ने मानसिक स्वास्थ्य और व्यक्तित्व विकास के संबंधों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि स्वस्थ मन संतुलित व्यक्तित्व के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है। उन्होंने कठिन परिस्थितियों में सकारात्मक सोच, रचनात्मक गतिविधियों और कला के माध्यम से आशा एवं आत्मविश्वास बनाए रखने पर जोर दिया। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद कर उनके सवालों के जवाब दिए तथा जीवन की चुनौतियों का विवेकपूर्ण ढंग से सामना करने के लिए प्रेरित किया।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के नेशनल टास्क फोर्स ऑन मेंटल हेल्थ प्रकोष्ठ की वार्षिक गतिविधियों का प्रतिवेदन डॉ. मधुरानी ने प्रस्तुत किया। प्रकोष्ठ द्वारा विद्यार्थियों में मानसिक स्वास्थ्य जागरूकता, तनाव की रोकथाम, भावनात्मक कल्याण और सहयोगात्मक शैक्षणिक वातावरण को बढ़ावा देने के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी गई। श्री कोचर ने प्रकोष्ठ के कार्यों की सराहना की।
इस अवसर पर महाविद्यालय की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि का भी उल्लेख किया गया। 23 अक्टूबर 2026 को शासकीय जे.पी. अस्पताल, भोपाल के साथ महाविद्यालय का पहला समझौता ज्ञापन (एमओयू) हस्ताक्षरित हुआ। इसे विद्यार्थियों के मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण की दिशा में महत्वपूर्ण पहल माना गया।
श्री कोचर ने महाविद्यालय की मानसिक स्वास्थ्य एवं कल्याण समिति के प्रयासों की सराहना करते हुए समिति की नोडल प्रभारी डॉ. ममता एक्का की संवेदनशील पहल की प्रशंसा की। उन्होंने विद्यार्थियों को सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने, आत्मविश्वास बनाए रखने और जीवन की परिस्थितियों का धैर्यपूर्वक सामना करने का संदेश दिया।
महाविद्यालय की प्राचार्य एवं संरक्षक डॉ. रचना मिश्रा के मार्गदर्शन में आयोजित कार्यक्रम का समन्वय डॉ. ममता एक्का तथा चित्रकला विभागाध्यक्ष डॉ. आलोक भावसार ने किया। आयोजन समिति में डॉ. रश्मि रखेजा, डॉ. शालिनी घानी, डॉ. भूमि व्यास, डॉ. मधुरानी, डॉ. सुमंगला पटेरिया, डॉ. रेखा धीमान और डॉ. अस्मिता चौधरी ने सक्रिय भूमिका निभाई। कार्यक्रम का संचालन डॉ. भूमि व्यास ने किया। इसमें महाविद्यालय के प्राध्यापकों, कर्मचारियों और बड़ी संख्या में छात्र-छात्राओं ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के माध्यम से मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता बढ़ाने, कला के जरिए भावनाओं की अभिव्यक्ति को प्रोत्साहित करने तथा विद्यार्थियों के लिए सुरक्षित, संवेदनशील और सहयोगात्मक शैक्षणिक वातावरण विकसित करने का संदेश दिया गया। अंत में सभी ने मानसिक रूप से स्वस्थ एवं सकारात्मक परिसर के निर्माण के प्रति प्रतिबद्धता व्यक्त की।



