SGSU Advertisement
Home राष्ट्रीय दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने से प्रदूषण से मिली राहत, ग्रीन जोन में...

दिल्ली-एनसीआर में बारिश होने से प्रदूषण से मिली राहत, ग्रीन जोन में पहुंचा एक्यूआई; ठंड ने दी दस्तक

0
6

नई दिल्ली, 31 अक्टूबर (आईएएनएस)। दिल्ली-एनसीआर में बारिश और तेज हवाओं ने वायु प्रदूषण से बड़ी राहत दिलाई है। पिछले कुछ समय से प्रदूषण की मार झेल रहे दिल्ली, नोएडा, ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम के लोगों को अब साफ हवा में सांस लेने का मौका मिला है।

बारिश और तेज हवाओं के कारण वातावरण में मौजूद धूल और प्रदूषण के कण काफी हद तक साफ हो गए हैं। इसका असर वायु गुणवत्ता सूचकांक (एक्यूआई) पर भी देखने को मिला है। दिल्ली समेत एनसीआर के प्रमुख शहरों में एक्यूआई फिलहाल ग्रीन जोन में पहुंच गया है। मौसम में आए बदलाव का असर तापमान पर भी साफ दिखाई दे रहा है।

बारिश और तेज हवाओं के चलते दिन और रात दोनों समय ठंड का एहसास होने लगा है। शुक्रवार रात और शनिवार सुबह मौसम में ठंडक बनी रही। लोगों को दिन के समय भी गर्मी से राहत मिली। अधिकतम तापमान गिरकर 24 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जबकि न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम में अचानक आए इस बदलाव ने सर्दी की दस्तक का अहसास करा दिया है। भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) की ओर से जारी स्थानीय मौसम पूर्वानुमान के मुताबिक, 31 अक्टूबर को अधिकतम तापमान 24 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। इस दिन आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। मौसम विभाग ने इस दिन किसी तरह की चेतावनी जारी नहीं की है।

1 नवंबर को तापमान में बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। इस दिन अधिकतम तापमान 29 डिग्री और न्यूनतम तापमान 17 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है। आसमान में आंशिक रूप से बादल छाए रहेंगे। 2 नवंबर को अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। इस दिन आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा।

3, 4 और 5 नवंबर को भी मौसम लगभग इसी तरह बना रह सकता है। इन तीन दिन अधिकतम तापमान 30 डिग्री और न्यूनतम तापमान 16 डिग्री सेल्सियस रहने का पूर्वानुमान है। आसमान मुख्य रूप से साफ रहेगा। बारिश और तेज हवाओं का सबसे सकारात्मक असर वायु गुणवत्ता पर देखने को मिला है। दिल्ली, नोएडा, गाजियाबाद और गुरुग्राम में प्रदूषण का स्तर कम होने से एक्यूआई ग्रीन जोन में बना हुआ है।

बीते दिनों खराब हवा के कारण लोगों को सांस लेने में परेशानी और आंखों में जलन जैसी समस्याओं का सामना करना पड़ रहा था। खासकर बुजुर्गों, बच्चों और सांस संबंधी परेशानी से जूझ रहे लोगों को काफी दिक्कतें हो रही थीं। बारिश के बाद वातावरण साफ होने से इन लोगों को भी राहत मिली है।